Site icon Buziness Bytes Hindi

सीएम योगी के इशारे पर हुआ महिलाओं के साथ अपमान: अखिलेश यादव


सीएम योगी के इशारे पर हुआ महिलाओं के साथ अपमान: अखिलेश यादव

लखनऊ: ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से पहले नामांकन के दौरान उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है.

अखिलेश यादव ने पप्पू यादव के तंज पर भी जवाब दिया. अखिलेश यादव ने कहा, ‘हां, हमसे ना हो पाएगा. लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है, यूपी में जल्द ही बदलाव की लहर चलेगी.’

आपको बता दें कि शुक्रवार सुबह ही जन अधिकार पार्टी के पप्पू यादव ने ट्वीट कर अखिलेश पर निशाना साधा था. पप्पू यादव ने लिखा था, ‘बाबू अखिलेश यादव जी, आप से न हो पाएगा, सड़क पर संघर्ष! इतनी बड़ी पार्टी, इतना संसाधन हो तो BJP वालों की गुंडई और ढोंगी के दुःशासन का होश ठिकाने लगा देता! एक बहन का बीच सड़क पर चीरहरण और आप आराम से बैठे हो! जेल से निकलता हूं, संघर्ष के लिए पार्टी आउटसोर्स कर दीजिएगा! फिर दिखाते हैं.‘’

अखिलेश यादव ने कहा कि माताप्रसाद पांडेय जी को नामांकन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के गुंडों का सामना करना पड़ा. लखीमपुर की घटना को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी बहन की गलती सिर्फ यही थी कि वो समर्थक थी. मुख्यमंत्री जी बताएं कि आखिर गुंडों को खुली छूट किसने दी है.

अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नकाब उतर गया है, प्रशासन को इस घटना की भरपाई करनी चाहिए. जो भी हिंसा हुई है, ये मुख्यमंत्री के इशारे पर हुआ है, मुख्यमंत्री खुद गुंडों को बढ़ावा दे रहे हैं. जल्द ही उत्तर प्रदेश से इनका सफाया हो जाएगा. समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कहा कि इन लोगों को जनता ने हरा दिया है, सिर्फ मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचा रहे हैं.

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीते दिन ब्लॉक प्रमुख चुनावों को लेकर नामांकन किया जा रहा था. इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जमकर हिंसा हुई है. सिद्धार्थनगर, अंबेडकरनगर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत अन्य जिलों में गोलीबारी, हिंसा, तोड़फोड़ दर्ज हुई.

Exit mobile version