Site icon Buziness Bytes Hindi

वेस्ट यूपी में बढ़ा सर्दी का सितम, सुबह-शाम छूट रही कंपकपी


वेस्ट यूपी में बढ़ा सर्दी का सितम, सुबह-शाम छूट रही कंपकपी

टीम बिजनेस बाइट्स। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण वेस्ट यूपी में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। वहीं एनसीआर के इलाके भी शीतलहर के प्रकोप से अछूते नहीं हैं। शुक्रवार से बढ़ी गलन भरी ठंड हाथ-पैरों को सुन्न कर रही है। वहीं वेस्ट यूपी के कई जिलों में सुबह-शाम कोहरे का प्रकोप भी जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।

Image credit sunil sharma

Read also: दबाव बढ़ने पर दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है चक्रवाती तूफान : मौसम विभाग

मंगलवार को दिन में खिली धूप ने थोड़ी राहत पहुंचायी मगर शाम होते ही बढ़ी सर्दी के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गये। सुबह और शाम के समय बढ़ी सर्दी के कारण शहर की सड़कें लगभग सुनसान होने लगती हैं। पूरे सप्ताह ऐसी ही सर्दी जारी रहने की संभावना है।

Image credit sunil sharma

बीते शुक्रवार से सर्द हवाओं ने वेस्ट यूपी, एनसीआर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया था। वेस्ट यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद में चली सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। लोग गर्म कपड़ों में सिकुड़ते हुए अपने घरों से निकले। सर्दी के कारण रविवार का दिन लोगों ने अपने घरों में ही छुट्टी मनायी। वहीं सोमवार की सुबह भी चारों ओर धुंध छाई रही। दिन में खिली हल्की धूप भी बेमानी साबित हुई और शाम होते-होते ठंड ने लोगों को ठिठुरा दिया। मंगलवार की सुबह भी सर्द हवाओं के साथ आयी और दस बजे तक लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल रहा। ऐसे में रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दिन की धूप गर्म रहीं मगर सूरज देवता के छिपते ही सर्दी ने फिर सितम ढाना शुरू कर दिया।

Image credit sunil sharma

Read also: संभावित चक्रवात जोवड से पूर्वी तट पर बारिश का अनुमान: मौसम विभाग

पिछले पांच दिनों से बढ़ी सर्दी ने किसानों के माथे पर भी बल डाल दिये हैं। रात में पड़ रहा पाला आलू, पपीता की फसल को प्रभावित कर सकता है। वहीं सुबह-शाम होने छाने वाले कोहरे को कारण हाइवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 72 घंटों में वेस्ट यूपी में बूंदाबांदी होने की संभावना है जिसके बाद सर्दी का सितम और भी बढ़ सकता है।

Exit mobile version