- महाराष्ट्र में होगी होम डिलीवरी
न्यूज़ डेस्क – देश में कोरोनावायरस ने महाराष्ट्र में तेजी से पांव पसारे हैं. देश में जितने कुल केस है उसका लगभग 33 परसेंट मामले इसी राज्य से हैं. देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान महाराष्ट्र में शराब की बिक्री पर रोक लगी है. लेकिन अब शराब के शौकिनों को चैन मिलने वाला है. दरअसल, ठाकरे सरकार ने शराब की होम डिलीवरी को अनुमति दे दी है. लेकिन इसमें कोरोना वायरस से बचने के लिए शर्तों को मानना होगा.
14 मई से हो सकती है शुरुआत
कोरोना महामारी के बीच महाराष्ट्र में शराब की होम डिलिवरी होने जा रही है. आबकारी विभाग ने शर्तों के साथ राज्य में शराब की होम डिलिवरी करने की अनुमति दे दी है. विभाग ने इसके लिए गाइडलाइन्स भी जारी की है. इसके अलावा कुछ जगहों पर आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों पर भीड़ कम करने के लिए प्रयोग के तौर पर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की शुरुआत भी की है. बता दें कि महाराष्ट्र में सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन के चलते सरकार ने शराब की दुकानें बंद करा दी थीं.
शराब खरीदने के लिए लेना होगा ई-टोकन
महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने पुणे शहर में शराब की दुकानों पर भीड़ कम करने के लिए प्रयोग के तौर पर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की शुरुआत की है. पिछले सप्ताह कई स्थानों पर शराब की दुकानों पर शारीरिक दूरी का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे. विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस नई प्रणाली के तहत राज्य के आबकारी विभाग की वेबसाइट पर लोग खुद को पंजीकृत करने के बाद टोकन हासिल करेंगे और फिर शराब खरीदने दुकान पर जा सकते हैं.

