Site icon Buziness Bytes Hindi

पत्नी की हत्या कर सिपाही ने की आत्महत्या


पत्नी की हत्या कर सिपाही ने की आत्महत्या

बागपत जिले के बिनोली क्षेत्र की घटना

बागपत: जिले में एक सिपाही ने अपनी पत्नी की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और इसके बाद सिपाही खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। दंपति के मरने की सूचना से घर में कोहराम मच गया। मामला गृह क्लेश का बताया जा रहा है। घटना बिनौली के रंछाड गांव की शनिवार की देर रात की है। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों में दोनों शवों को पीएम के लिए भिजवाया।

मिली जानकारी के अनुसार रंछाड गांव निवासी सोनू पुत्र कृष्णपाल सहारनपुर में यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था। वह पिछले कई माह से नौकरी पर नहीं जा रहा था। जानकारी के मुताबिक देर रात मकान के ऊपरी हिस्से में सोनू ने पहले अपनी पत्नी साक्षी (28) की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर मकान के निचले हिस्से में सो रहे परिजन जाग गए। जिसके बाद परिजन भी मकान के ऊपरी हिस्से में पहुंच गए। परिजनों के आने पर आरोपित ने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।कुछ देर बाद उसने दरवाजा बंद कर गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बागपत ओमपाल सिंह व एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्र भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों शवों को पीएम के लिए बागपत भिजवाया। परिजनों ने बताया की सोनू शराब पीने का आदी था। उसे ऐसा करने से मना करने पर अक्सर पत्नी से लड़ता और मारपीट करता रहता था। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version