Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल में आग उगलने वाला कोहली का बल्ला वर्ल्ड कप में खामोश क्यों?

kohli

भारतीय क्रिकेट की धड़कन विराट कोहली इस बार टी20 वर्ल्ड कप में अब तक नाकाम रहे हैं. विश्व कप शुरू होने से कुछ दिन पहले खत्म हुए इंडियन प्रीमियर लीग में जहां किंग कोहली का बल्ला हर मैच में रन उगल रहा था, वहीं विश्व कप शुरू होते वही बल्ला अचानक खामोश हो गया, यहाँ तक कि एक गोल्डन डक भी उनके खाते में जुड़ गया।

बता दें कि विराट कोहली ने इस बार आईपीएल में 700 से ज्यादा रन बनाए थे लेकिन अमेरिका में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अब तक जो तीन मैच खेले उनमें विराट कोहली का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. इन तीन मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ पांच रन निकले हैं।

विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ 4 रन और आयरलैंड के खिलाफ 1 रन बनाकर आउट हो गए जबकि अमेरिका के खिलाफ मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए. भारत के स्टार बल्लेबाज के फैंस भी इस प्रदर्शन से निराश हैं. भारत को अपने आखरी मैच कनाडा से खेलना है. अभी तक हालाँकि भारतीय बल्लेबाज़ी अपेक्षा अनुरूप नहीं रही है लेकिन इसके लिए न्यूयोर्क की घटिया पिच ज़िम्मेदार बताई जा जारही है जिसपर बड़ी से बड़ी टीम को भी 100 रन बनाने में परेशानी हो रही है.

कल खेले गए मैच में यूएसए जैसी टीम ने दुनिया की नंबर एक टीम के खिलाफ हारने से पहले उसका खूब इम्तेहान लिया। इसी इम्तेहान के दौरान पहले रोहित शर्मा में सस्ते में आउट हुए और फिर बाद में कोहली गोल्डन डक बनाकर चलते बने. कोहली की नाकामी दरअसल चर्चा का विषय इसलिए है क्योंकि अमेरिका में बनाई की घटिया पिचों पर रोहित शर्मा, ऋषभ पंत और सूर्यकुमार एक एक अच्छी तो पारी खेल ही चुके हैं लेकिन विराट का बल्ला पूरी तरह खामोश है. टीम इंडिया अब सुपर 8 में पहुंच चुकी है इसलिए अब उसपर अगले दौर में जाने का कोई दबाव नहीं है, ऐसे में वेस्टइंडीज के लिए उड़ान भरने से पहले रोहित शर्मा ज़रूर चाहेंगे कि कनाडा के खिलाफ आखरी मैच में विराट के बल्ले से भी एक बड़ी पारी आ जाय ताकि अगले दौर के लिए मानसिक रूप से सभी मुख्य बल्लेबाज़ तैयार दिखें. भारत का कनाडा के खिलाफ मैच 15 जून को है.

Exit mobile version