स्वच्छता पर इंदौर मॉडल क्यों नहीं अपनाता देश?

आर्टिकल/इंटरव्यूस्वच्छता पर इंदौर मॉडल क्यों नहीं अपनाता देश?

Date:


स्वच्छता पर इंदौर मॉडल क्यों नहीं अपनाता देश?

अशोक भाटिया

कहते हैं कि एक साफ शरीर में ही साफ मन का वास होता है । लेकिन एक साफ शरीर और साफ मन किसी गंदे शहर में नहीं रह सकता । हाल ही में एक सर्वेक्षण के अनुसार देश का सबसे साफ सुथरा शहर मध्य प्रदेश का इंदौर है जबकि 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में पटना को देश का सबसे गंदा शहर माना गया है।पिछले तीन वर्षों की तरह इंदौर को इस साल भी स्वच्छ सर्वेक्षण में पहला स्थान मिला है यानी इंदौर देश का सबसे साफ सुथरा शहर है । दूसरे नंबर पर गुजरात का सूरत और तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र का नवी मुंबई शहर है । हैरानी की बात ये है कि देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाके इस रैंकिंग में काफी पीछे हैं ।15 अगस्त, 2014 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने पहले संबोधन में श्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय मंच से ‘खुले में शौच’की चुनौती को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। यह आदत भारतीय समाज में पीढ़ियों से प्रचलित थी और इस पर अंकुश लगाना तब तक असंभव माना जाता था। लेकिन प्रधानमन्त्री ने केवल 5 वर्षों में इसे मिटाने का संकल्प लेकर इतिहास रच दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को इंदौर शहर ने स्वच्छता अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त कर साकार कर दिखाया है ।

इंदौर शहर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में एक के बाद एक चार साल से लगातार देश के सबसे साफ शहर का खिताब हासिल हो रहा है। इसकी शुरुआत शहर से डस्टबिन के हटाए जाने और हर एक घर से कचरा इकट्ठा कर उसके निस्तारण से हुई। वर्ष 2016 में इस शहर में पूरे 85 वार्ड में हर घर से कचरा उठाया जाने लगा था। हालांकि, वर्ष 2019 आते-आते इंदौर ने कचरे को जमा करने से लेकर उसके समुचित इस्तेमाल की एक ऐसी व्यवस्था विकसित कर ली है कि कई शहर कचरे के प्रबंधन को यहां से सीख सकते हैं। तकरीबन 275 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले और 27 लाख की आबादी वाले इस शहर से रोजाना 1,150 टन कचरा निकलता है जिसमें से आधा कचरा जैविक होता है। हर तरह के कचरे को दोबारा प्रयोग में लाने के लिए शहर में बीते कुछ वर्षों में कई सफल प्रयोग हुए हैं।

स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकार असद वारसी के मुताबिक इस वक्त शहर के हर घर से कचरे-कचरे को जमा किया जाता है। कचरा जमा कर इसे इकट्ठा करने के बाद इंदौर नगर निगम का असली काम शुरू होता है। इंदौर नगर निगम के सलाहकार जावेद वारसी जामी बताते हैं कि कचरा इकट्ठा करते समय ही इसे गीला कचरा और सूखा कचरे के रूप में अलग- अलग रखा जाता है। कचरा इकट्ठा करने वाले वाहन के चालक गौतम कनेरिया बताते हैं कि शुरुआत में 80 प्रतिशत लोग गीला, सूखा कचरा एक साथ ही रखते थे, लेकिन काफी अनुरोध के बाद अब हमें लोगों के घर से ही कचरा अलग-अलग मिलने लगा है। कचरा ठीक से अपने गंतव्य तक पहुंचे इसके लिए हर गाड़ी में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगा हुआ है। शहर में 8000 से अधिक सफाईमित्र भी हैं, जो कचरा इकट्ठा करने के साथ सड़कों की सफाई भी करते हैं।

इंदौर में आमतौर पर सड़के साफ और चमकती हुई दिखती है। इसकी वजह सफाई के काम में लगी मशीनें हैं जो हर रात करीब 800 किलोमीटर सड़क, डिवाइडर और फुटपाथ की सफाई करती हैं। इस काम में 400 लीटर पानी लगता है। बताते हैं कि इसमें लगने वाला अधिकतर पानी रिसाइकल किया हुआ होता है। इंदौर नगर निगम के मुताबिक सड़कों की धुलाई के बाद सांस के साथ जाने वाले धुल के कणों की मात्रा 76 माइक्रोग्राम तक कम हो गई है जो कि वर्ष 2014 में 142 माइक्रोग्राम थी। इससे पर्यावरण का स्तर सुधरा है।इंदौर में बीते कुछ वर्षों से थैला बैंक और बरतन बैंक शुरू हुआ, जिसकी मदद से आम लोग कागज और जूट के बने थैले और किसी बड़े आयोजन के लिए स्टील के बरतन ले सकते हैं। इस तरह से कचरे की मात्रा में लगातार कमी आई। शहर में पॉलीथिन पर पाबंदी भी है और लोगों को अपना थैला लेकर चलने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इंदौर ने सब्जी मंडी में बचने वाले कचरे से बायो-सीएनजी गैस बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। यह प्लांट इस तरह के कचरे से इतना सीएनजी बना लेता है कि शहर में 20 सीएनजी बसों को रोजाना ईंधन दिया जा सकता है। नगर निगम ने सार्थक और बैसिक्स जैसे गैर सरकारी संस्थाओं का साथ लेकर शहर के 700 कचरा उठाने वाले लोगों से संपर्क किया। उन्हें प्रशिक्षण और पहचान पत्र देकर कचरों के वर्गीकरण का काम सौंपा। वे कचरे को प्लास्टिक, कागज, इलेक्ट्रॉनिक कचरा, शीशा और धातु के मुताबिक अलग-अलग करते हैं। नगर निगम के द्वारा स्थापित वर्गीकरण वाले केंद्र में कचरा इकट्ठा करने और उसके वर्गीकरण की व्यवस्था के साथ फटका और इगलू मशीनें हैं, जिससे यह काम आसान हो जाता है। कचरे के प्रकार के मुताबिक इसे महीन टुकड़ों में काटने की व्यवस्था भी इस केंद्र में है।शहर से हर रोज प्लास्टिक के 100-100 किलो के ब्लॉक नीमच स्थित सीमेंट प्लांट में भेजे जाते हैं, जहां इसका उपयोग ईंधन के तौर पर होता है। कुछ उन्नत किस्म के प्लास्टिक के टुकड़े मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण को भी दिए जाते हैं, जिससे अच्छी सड़कें बनाई जा रही है। इस केंद्र में रोज 45,000 किलो प्लास्टिक को दोबारा उपयोग लायक बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं, इसी केंद्र पर प्लास्टिक से डीजल बनाने की पद्धति भी विकसित की जा रही है और 3000 लीटर कच्चे तेल से 2600 लीटर डीजल और 180 लीटर पेट्रोल भी बनाया जा रहा है।

इंदौर के परमाणु नगर कॉलोनी में 65 ऐसे घर हैं जो कचरे को ठिकाने लगाने के लिए कई नई पहल कर रहे हैं। ऐसे घरों से निकलने वाला कचरा पहले गीला और सूखा कचरे के रूप में छांटा जाता है। सूखे कचरे को एक जगह इकट्ठा कर रिसाइकलिंग के लिए बेच दिया जाता है और गीले कचरे को आपसी सहभागिता के साथ खाद बनाने की प्रक्रिया में डाला जाता है। कॉलोनी के भीतर ही कंपोस्टिंग के जरिए गीले कचरे से खाद बनता है।खाद बनाने के काम में शहर के 29000 और भी घर लगे हुए हैं। इंदौर नगर निगम ने घरों में खाद बनाने पर जोर दिया है और इस तरह 150 टन कचरा रोजाना कम करने का लक्ष्य रखा है। नगर निगम घरों को पचास फीसदी सब्सिडी के साथ कंपोस्टिंग यूनिट प्रदान कर रहा है।

गैर सरकारी संगठन स्वाहा के जरिए मोबाइल कंपोस्टर की स्थापना भी की गई है। इस उपकरण के जरिए व्यवसायिक इलाकों से कचरे को इकट्ठा कर गाड़ी में लगे कंपोस्टर के जरिए खाद में बदला जाता है। स्वाहा आठ से 10 टन तक कचरा इकट्ठा कर रोज इसे खाद में बदल रहा है। इन उपकरणों का उपयोग व्यवसायिक इलाकों के अलावा बड़े रहवास और होटल में भी हो रहा है।इंदौर शहर का लक्ष्य आने वाले समय में इस तरह के प्रयासों को आगे और भी बढ़ावा देना है। कचरा इकट्ठा कर एक जगह लाने में परिवहन का एक बड़ा खर्चा है, लेकिन उस कचरे को श्रोत के पास ही निपटान करने से यह खर्च कम किया जा सकता है। इंदौर नगर निगम हर वर्ष 10 प्रतिशत की दर से कचरा निस्तारण पर खर्च में कमी करना चाह रहा है। शहर में सार्वजनिक टॉयलेट की व्यवस्था बहुत सुन्दर है । सार्वजनिक टॉयलेट थोड़ी थोड़ी दूरी पर है, जो कि स्वच्छता में मील का पत्थर साबित होते है। खासकर बुजुर्गों को इसका बड़ा फ़ायदा मिलता है। आप गूगल के इंदौर 311 एप्प पर देख सकते हैं कि आपके नज़दीक कौन सा सार्वजनिक शौचालय है।

देश के हर शहर – नगर निगम को इस पूरे प्रोजेक्ट से सबक लेकर अपने शहर को ज्यादा से ज्यादा स्वच्छ बनाना चाहिए ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान का सपना पूरे भारत में साकार हो सके । इसके लिए जरुरत है एक दृढ़ संकल्प व राजनेताओं तथा सफाई कर्मचारियों के आपसी तालमेल की । हमनें तो इंदौर शहर के सांसद शंकर लालवानी को महानगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए पालिका की कचरा गाड़ी को चलाते हुए भी देखा है । इंदौर के एक बुजुर्ग दौलत कुमार के अनुसार यहां पर सार्वजनिक टॉयलेट की व्यवस्था थोड़ी थोड़ी दूरी पर है, जो कि स्वच्छता में मील का पत्थर साबित हुई है। खासकर बुजुर्गों को इसका बड़ा फ़ायदा मिला है। आप गूगल के इंदौर 311 एप्प पर देख सकते हैं कि आपके नज़दीक कौन सा सार्वजनिक शौचालय है।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related