Site icon Buziness Bytes Hindi

दादरी सीएचसी में कौन था विकास दुबे का मददगार


दादरी सीएचसी में कौन था विकास दुबे का मददगार

ओपीडी में बना था दवाई का पर्चा

गाजियाबाद। गैंगस्टर विकास दुबे एनकाउंटर में ​पुलिस के हाथों मारा जा चुका है, लेकिन उससे जुड़े चौंकाने वाले खुलासे अब भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दादरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी से जुड़ा हुआ उजागर हुआ है। इस सीएचसी की ओपीडी का एक पर्चा वायरल हुआ है पर्चा विकास दुबे के नाम से बनवाया गया था। खास बात यह है कि पर्चा उसी दिन सुबह के समय बनवाया गया था। जिस दिन विकास दुबे का कानपुर के पास एनकाउंटर हुआ था। शाम होते-होते यह पर्चा वायरल हो गया और मामला पुलिस व एसटीएफ तक पहुंच गया।

विकास दुबे का नाम सामने आते ही पुलिस सतर्क हो गई और रात को ही अस्पताल पहुंचकर संबंधित कर्मचारी से काफी देर तक पूछताछ की। पता चला कि विकास दुबे का नाम रजिस्टर में भी लिखा था, लेकिन उसके नाम से दवा नहीं ली गई। पर्चे पर विकास दुबे के नाम के साथ उसकी आयु 53 वर्ष और निवास कानपुर लिखा है। मामला सामने आते ही पुलिस दादरी अस्पताल पहुंची और उस दिन ओपीडी में पर्चा बनाने वाले स्वास्थ्य कर्मी से पूछताछ की। मामला सामने आने के बाद अब एसटीएफ भी सक्रिय हो गई।


हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ये पर्चा गैंगस्टर विकास दुबे के लिए ही बनवाया गया था। लेकिन इसकी आशंका से अभी किसी ने इंकार भी नहीं किया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यदि पर्चा गैंगस्टर के लिए ही बनवाया गया था तो इसके पीछे मकसद क्या था? ओपीडी के पर्चे को लेकर हलचल तेज हो गई है। पहले स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपने स्तर से मामले की पड़ताल शुरू की। सूत्रों का कहना है कि पर्चा बनाने वाले कर्मचारी से जवाब तलब भी किया गया। हालांकि कर्मचारी कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाया।स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है। पुलिस भी पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version