लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी का कार्यकाल समाप्त होने वाला है. चुनावी साल है, ऐसे में यूपी का नया डीजीपी कौन होगा इसे लेकर बातें शुरू हो चुकी हैं. इसके लिए भारतीय पुलिस सेवा के 31 अधिकारियों की लिस्ट तैयार की गई है. बताया जा रहा है कि साल 1986 से लेकर 1990 बैच के 31 आईपीएस अधिकारियों के नाम की लिस्ट बनाई गई है. लेकिन इससे बड़ी खबर यह है कि श्री अवस्थी ने सेवा विस्तार का योगी सरकार का प्रस्ताव ठुकरा दिया है. उन्हें 2022 जनवरी तक का सेवा विस्तार मिल रहा था.
आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े सूबे का डीजीपी चुनने के लिए तैयार की गई इस सूची में डीजी रैंक के सभी अफसरों के नाम के साथ ही 30 साल की सर्विस पूरी कर चुके आईपीएस अफसरों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं. मौजूदा डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी 30 जून को रिटायर हो जाएंगे. हितेश चंद्र अवस्थी के बाद डीजी रैंक के जिन अफसरों के पास एक साल या उससे अधिक का वक्त का कार्यकाल बचा है, उनमें भारत सरकार में तैनात नासिर कमाल का नाम सबसे ऊपर है. लेकिन चुनावी साल में नासिर कमाल का डीजीपी बनना उत्तर प्रदेश में मुश्किल है.
Read also: अब एम्स डायरेक्टर का दावा, तीसरी लहर को रोकना असंभव
प्रबल दावेदारी में सबसे आगे एडीजी बीएसएफ 88 बैच के आईपीएस मुकुल गोयल हैं. मुकुल गोयल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी पकड़ रखने वाले अधिकारी माने जाते हैं. सपा सरकार में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर रहने के चलते प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभालने का भी लंबा अनुभव है, लेकिन सवाल यह है कि मुकुल गोयल की सपा नेताओं से नजदीकी उनकी राह में अड़चन बनेगी.

