Site icon Buziness Bytes Hindi

कोरोना से कराहते लखनऊ में अभिषेक बच्चन को शूटिंग की परमीशन किसने दी !


कोरोना से कराहते लखनऊ में अभिषेक बच्चन को शूटिंग की परमीशन किसने दी !

देश में कोलाना संक्रमण के क़हर में उत्तर प्रदेश का हाल सबसे बुरा है। ख़ास कर राजधानी लखनऊ में तो मौत की आंधी आई हुई है। आलाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद संक्रमण का शिकार हो चुके हैं । हर तरफ हाहाकार मचा है। लखनऊ की सड़कों/बाजारों में सन्नाटा पसरा है। जनता ने सेल्फ लॉकडाउन तय कर उसपर अमल करना शुरू कर दिया है। एक तरफ लखनऊ की समझदार और ज़िम्मेदार जनता अपनी जिम्मेदारी के सबूत दे रही है और दूसरी तरफ सरकार और उसका प्रशासन कोरोना से मरने वाली जनता की लाशों के जमघट के बीच मुंबई की स्टार कास्ट वाली फिल्म की शूटिंग करवा रहा था। एक तरफ केजीएमयू, बलरामपुर अस्पताल और गोलाला श्मशान घाट में लाशों की कतारें। दूसरी तरफ सिविल अस्पताल और बैकुंठ धाम शमशान घाट से लाशों का आवागमन और चीतकार का भयावह दृश्य और इन दोनों ह्दयविदारक मंजरों वाले ठिकानों के बीच परिवर्तन चौक पार्क पर फिल्म स्टार अभिषेक बच्चन और उनकी फिल्म यूनिट और शूटिंग देखने वालों की भीड़ कोरोना संक्रमण को बढ़ा रही थी। कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करती ये शूटिंग परिवर्तन चौक के बेगम हजरत महल पार्क में चली। शूटिंग में अभिषेक बच्चन की मोजूदगी की वजह से यहां बड़ी भीड़ लगने की संभावना बनी थी।

ज्ञातव्य हो कि पार्क में शूटिंग के लिए एलडीए और प्रशासन से अनुमति मिलने पर ही किसी फिल्म शूटिंग का शैड्यूल तय होता है। मौजूदा कोरोना संकट में जब लखनऊ में आपातकाल जैसा माहौल है ऐसे में शूटिंग देख कर किसी ने इसकी शिकायत दर्ज कर दी जिसके बाद केडी सिंह बाबू स्टेडियम चौकी इंचार्ज अनीश सिंह ने शूटिंग बंद कराने का प्रयास किया किंतु बावजूद इसके खबर लिखे जाने तक यानी करीब शाम तक शूटिंग का सिलसिला जारी था।

Exit mobile version