देहरादून। सचिवालय के अधिकारियों के टैक्सी में पीली के बजाए सफेद नंबर प्लेट के उपयोग पर रोक लगेगी। राज्य संपत्ति विभाग इस संबंध में दिशा निर्देश जारी करने की तैयारी में है। सफेद नंबर प्लेट वाली टैक्सी का उपयोग कर रहे अधिकारियों को हिदायत दी गई है। सचिवालय में मोटर व्हीकल एक्ट का माखौल उड़ाते हुए कई अधिकारियों ने टैक्सी पर सफेद नंबर प्लेट का उपयोग करना शुरू कर दिया है। जबकि नियमानुसार टैक्सी के लिए पीली रंग की नंबर प्लेट होनी चाहिए।
पहले सभी ऐसे टैक्सी का उपयोग करने वाले अधिकारियों को हिदायत दी गई है। वो अब विभाग के स्तर से इस संबंध में आदेश जारी करने की तैयारी में हैं। इसके बाद कोई अधिकारी सचिवालय टैक्सी में सफेद नंबर प्लेट का उपयोग नहीं कर पाएगा। अपर सचिव प्रताप शाह ने बताया कि इस बारे में एक-दो दिन में गाइडलाइंस भी जारी की जाएंगी।
टैक्सियों पर पीली के बजाए सफेद नंबर प्लेट लगाने वालों पर आरटीओ विभाग के स्तर से कार्रवाई की जा सकेगी। आरटीओ प्रवर्तन सुनील शर्मा के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन सचिवालय के हुक्मरानों के वाहन इसकी जद में नहीं आ पाए हैं। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 500 रुपये तक जुर्माना और गाड़ी का चालान हो सकता है।
