भारत में नदियों के किनारे बसे कई शहर विश्व प्रसिद्ध भी हैं, यहां घूमने के लिए दूर दराज से लोग पहुंचते हैं।
आइए जानते हैं भारत के ऐसे शहर जो खूबसूरत नदियों के किनारे बसे हुए हैं। इन शहरों की यात्रा कम पैसों में आसानी से की जा सकती है।
वाराणसी को मोक्ष की नगरी कहते हैं। यह भगवान भोलेनाथ का धरती पर प्रिय स्थान माना जाता है।यहां रहने, खाने पीने और घूमने का खर्च भी बजट में हो सकता है। बनारस के गंगा घाट को घूमने के साथ ही लोग बाबा विश्वनाथ धाम के दर्शन कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश की संगम नगरी के नाम से मशहूर प्रयागराज तीन नदियों के किनारे पर बसा है। यहां गंगा, यमुना और सरस्वती नदी का संगम होता है।कुंभ मेले का आयोजन भी प्रयागराज में संगम किनारे होता है, जहां देश विदेश से लोग पहुंचते हैं।
उत्तराखंड की धर्म स्थली हरिद्वार गंगा नदी के तट पर बसा है। यहां शाम को होने वाला दीपदान और गंगा आरती मनमोहक होता है। रहने के लिए कई धर्मशालाएं, 500 रुपये के कमरों से लेकर लग्जरी होटल की भी यहां व्यवस्था रहती है।
दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल आगरा शहर में स्थित है। आगरा का ताजमहल देखने के लिए विदेशों से भी लोग आते हैं। ताजमहल और आगरा दोनों ही यमुना नदी के किनारे बसा है।
बिहार की राजधानी पटना भी गंगा किनारे बसी हुई है। पटना शहर में शाम के वक्त गंगा आरती को देखने के लिए काफी भीड़ होती है। खासकर छठ पूजा के मौके पर दूर दराज से लोग यहां अर्घ देने के लिए पहुंचते हैं।