Site icon Buziness Bytes Hindi

Weather Update: 24 घंटे के भीतर बारिश का अलर्ट,अधिकतम और न्यूनतम पारे में 5 डिग्री का अंतर

Weather Update

मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उप्र में इस समय जोरदार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी सुबह से ही बारिश हो रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अब मात्र पांच डिग्री का अंतर है। इस समय अधिकतम तापमान 24 डिग्री है और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री पर पहुंच गया है। जिले का एक्यूआई यानी वायु सूचकांक 19 है।

मेरठ और आसपास के जिलों में अक्टूबर के शुरूआती दौर से ही सावन के मौसम जैसी घटाएं छायी हुई हैं। लगातार आज पांचवे दिन मंगलवार को सूरज के दर्शन नहीं हुए। आसमान पर छाए बादलों के बीच हो रही बारिश से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह के समय हल्का कोहरा भी मेरठ महानगर में दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक आज से बारिश में कुछ कमी आने की संभावना है। मेरठ में सोमवार की रात तक 128 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। सोमवार को पूरे दिन फुहारें पड़ती रही।

वहीं लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.0 डिग्री है। वहीं अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 10 डिग्री कम बताया जा रहा है। आज देर शाम मौसम खुलने के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार हैं। मानसून सीजन की विदाई के दौरान अक्टूबर में सामान्य रूप से कम बरसात होती थी। लेकिन इस बार बारिश ने पूरे रिकार्ड ही तोड़ दिए हैं। इस बार अक्टूबर माह में अन्य सालों की अपेक्षा चार गुनी बारिश रिकार्ड की गई है। बरिश से धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी बुधवार 12 अक्टूबर तक ऐसे ही बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना है।

बता दें कि मेरठ में अक्टूबर में सावन की तरह बारिश की झड़ी लगी है। पूरे माह में जितनी बरसात होती है उतनी बारिश पिछले चंद घंटे में हो गई। मौसम विभाग ने पश्चिम उप्र में शनिवार के लिए ग्रे एलर्ट जारी किया था। जिसमें भारी बारिश की चेतावनी दी थी। सबसे अधिक बारिश बीती शनिवार को हुई थी। अक्टूबर में पिछले आठ साल बाद 24 घंटे के अंदर इतनी अधिक बरसात देखी गई। शनिवार को 24 घंटे के भीतर 62 मिलीमीटर रिकार्ड की गई थी।

Exit mobile version