Site icon Buziness Bytes Hindi

जनता को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहना होगा: सीएम योगी

yogi

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के मौके पर अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन के बाद वनटांगिया गांव में एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों में दुर्योधन और रावण का डीएनए है. मुखयमंत्री ने कहा कि त्रेता युग में रावण ने समाज को बांटने की कोशिश की थी. कुछ लोग अब भी ऐसी ही कोशिश कर रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि अगर जनता इन लोगों को मौका देगी तो ये समाज में अराजकता फैलाने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे. ये लोग प्रदेश में दंगे कराएंगे. गुंडागर्दी फैलाएंगे.

मुख्यमंत्री ने किसी पार्टी का नाम न लेते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि ये लोग कहीं खर-दूषण भेजेंगे तो कहीं ताड़का मचाएंगे. इन लोगों का काम सिर्फ अराजकता फैलाना है. बेटियों और बहनों की सुरक्षा करना तो दूर ये लोग उनके लिए खतरा बन जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने व्यापारियों का अपहरण किया, गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया. इन लोगों ने त्योहारों से पहले दंगे भड़काए। सड़क पर लोगों को गोली मारी गई। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले भी प्रदेश में ऐसा होता था इसलिए अगर इन्हें दोबारा मौका मिला तो ये अराजकता फैलाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी की जनता को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहना होगा। बटोगे तो काटोगे का नारा दोहराते हुए योगी ने कहा कि जनता एकजुट रहेगी तो निडर होकर त्योहार मना सकेगी। दंगे भड़काने वालों को पता है कि अगर उन्होंने हिम्मत की तो उनका राम नाम सत्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने की सोच भी नहीं सकता। उन्हें पता है कि ऐसा करने की कोशिश भी की तो अंजाम बुरा होगा।किसी की बहन-बेटी के साथ गलत करने की हिम्मत करने वाले का हश्र कुंभकरण और रावण जैसा होगा।

Exit mobile version