भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भाजपा का झंडा लिए कुछ लोगों ने यात्रा में व्यवधान पहुँचाने की आज कोशिश की, इन लोगों ने जयराम रमेश और यात्रा में शामिल दूसरी कारों को घेर लिया और वापस जाओ की नारे बाज़ी करने लगे , कुछ लोगों ने गाड़ी में स्टीकरों को भी नोच डाला। ऐसा ही कुछ उस बस के सामने हुआ जिसमें राहुल गांधी थे। यात्रा की अगुवाई कर रहे राहुल गाँधी ने इस घटना के बाद कलियाबोर, असम में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वो न तो मोदी से डरते हैं और न ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से. राहुल गाँधी ने कहा कि सच्चाई ये है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से भाजपा और हिमंत बिस्वा सरमा दोनों घबरा गए है.
बता दें भाजपा के कुछ कार्यकर्ता आज राहुल गाँधी बस के सामने आ गए थे। राहुल ने कहा जब मैं बस से बाहर उनसे मिलने निकला तो वो सारे भाग गए। राहुल ने कहा कि हमारे जितने पोस्टर फाड़ने हैं फाड़ दो, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं. इसी दौरान एक जगह राहुल गाँधी को देखकर कुछ लोगों ने मोदी मोदी के नारे लगाए जिनकी तरफ राहुल ने मुस्कराते हुए फ्लाइंग किस किया।
राहुल गाँधी ने अपने सम्बोधन में कहा आपने कभी टीवी पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और जनता से जुड़े मुद्दों पर डिबेट नहीं देखी होगी। क्योंकि BJP ने पूरे मीडिया को कंट्रोल कर रखा है। BJP के नेता जो चाहते हैं, टीवी पर वही दिखता है। राहुल ने कहा कि देश के डेढ़ लाख युवाओं ने वर्षों कड़ी मेहनत की, हर तरह का टेस्ट पास किया। उन युवाओं से कहा गया कि उन्हें सेना में ले लिया जाएगा। लेकिन 3 साल बाद मोदी सरकार ने उन्हें सेना में लेने से मना कर दिया। देश का किसान भी साल भर मेहनत करता है और जब फसल तैयार होती है तो सरकार उन्हें सही दाम नहीं देती।
सभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सम्बोधित किया, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा देखकर भाजपा घबरा गई है। इसलिए उन्होंने काफिले पर हमला किया लेकिन हम कांग्रेस के सिपाही हैं, डरने वाले नहीं हैं। जब हम अंग्रेजों से नहीं डरे तो भाजपा से क्या डरेंगे? उन्होंने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के इशारों पर काम करते हैं।