Site icon Buziness Bytes Hindi

Haridwar Panchayat Election: कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ मतदान, 550 मतदान केंद्रों पर 8 लाख 53 हजार मतदाता आज डालेंगे वोट

हरिद्वार। आज जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए लाइन लगाकर खडे़ हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। इसके साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है। एसएसपी ने पंचायत चुनाव में वोट डालने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें। यदि कोई मतदान करने से रोकता है तो इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को दें।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आज सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो चुका है। 550 मतदान केंद्रों पर आठ लाख 53 हजार मतदाता लगभग आठ हजार 751 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज करेंगे। मतदान बैलेट पेपर से हो रहा है। जिला प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थी।

रुड़की के बोलो के बरहमपुर शंकरपुरी गांव में मतदान केंद्र के सामने रात बारिश के कारण पानी भर गया। वोट डालने के लिए आने वाले ग्रामीणों को जूते चप्पल निकाल कर मतदान केंद्रों पहुंचना पड़ रहा है। बहुत से बुजुर्ग और महिलाएं केंद्र के बाहर खड़े रहकर पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं।  जनपद के लगभग साढ़े चार हजार पदों के लिए चुनावी मैदान में  साढ़े आठ हजार से अधिक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतदाता कर रहे हैं। इसमें साढ़े आठ लाख मतदाता अपने गांव के पंचायतों की सरकार चुनेंगे। सुबह से हरिद्वार जिले के 550 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो चुका है। सुबह से सेंटरों पर मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।

मतदान के लिए आधार कार्ड पासपोर्ट,पहचान पत्र, आयकर पहचान पत्र (पैन कॉर्ड), ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक या डाकघर की फोटो युक्त पासबुक, राशन कार्ड, भवन कर बिल, रजिस्ट्री, लाइब्रेरी कार्ड, छात्र का पहचान पत्र, शस्त्र लाइसेंस,  जाति प्रमाणपत्र, बस का पास,रेलवे, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचानपत्र,  दिव्यांग प्रमाणपत्र, पानी,टेलीफोन, दुकान का पंजीकरण पत्र, बिजली बिल, गैस कनेक्शन के दस्तावेज लेकर वोट डाल सकतें हैं।

आज सोमवार को सुबह आठ बजे से शुरू होकर मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान में मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।

Exit mobile version