नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए आज मतदान जारी है। देशभर में 9 हजार से ज्यादा कांग्रेस प्रतिनिधि अपने-अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। गौरतलब है कि करीब 22 साल बाद कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। गांधी परिवार के करीबी मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बीच इस बार चुनावी मुकाबला है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने अपने वोट डाल दिया है। वहीं, राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में अपने मत का उपयोग किया। मतों की गिनती का काम बुधवार को होगा। मतों की गिनती के बाद लगभग 24 साल बाद जो भी चुनाव जीतेगा वो कांग्रेस अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा।
गुजरात में 1.30 बजे तक 250 वोट पड़ चुके थे। प्रदेश में कुल 407 प्रतिनिधि वोट डालेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भी उन नेताओं में शामिल हैं। जिन्होंने कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अगले अध्यक्ष के चुनाव के लिए वोट डाला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर एआईसीसी प्रमुख पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे बड़े बहुमत से चुनाव जीतेंगे। वो अनुभवी व्यक्ति हैं। उनको काफी अनुभव रहा है। जो लोग पार्टी छोड़कर गए वे अवसरवादी लोग हैं। उनको (ज्योतिरादित्य सिंधिया) कम उम्र में केंद्रीय मंत्री बनने का मौका भी मिला है। जो मौका बाद में मिलता वह पहले मिल चुका है।
राजस्थान कांग्रेस के विधायक सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने खुले, लोकतांत्रिक और पारदर्शी चुनाव कराकर देश में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि जो भी इस चुनाव में जीतेगा उसे पार्टी के सभी सदस्यों का पूरा समर्थन मिलेगा। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने दिल्ली में एआईसीसी आफिस में कहा कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष तय करेंगे कि नेतृत्व के दृष्टिकोण को कैसे आगे बढ़ाया जाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोट डाला। आनंदपुर साहिब से सांसद तिवारी ने पंजाब कांग्रेस भवन में मतदान किया । जबकि हुड्डा ने हरियाणा कांग्रेस भवन में वोट डाला। कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि वह कांग्रस अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया से संतुष्ट हैं। मिस्त्री ने कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से हो रहे हैं।
महाराष्ट्र में कुल 797 कांग्रेस प्रतिनिधि वोट डालेंगे। इनमें से 561 प्रतिनिधि महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस से हैं जबकि 261 मुंबई कांग्रेस से मतदाता हैं।
