पंजाब फतह करने के बाद आम आदमी पार्टी की नज़रे अब देश की दूसरी छोटी रियासतों पर केंद्रित हैं, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के बाद आज उसने हरियाणा में अपना चुनावी बिगुल बजाया और एक मुख्य विपक्षी पार्टी की तरह भाजपा की खट्टर सरकार पर निशाना साधा। आज कुरुक्षेत्र में AAP संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है, केजरीवाल ने कहा कि भाजपा आपके बच्चों को दंगाई बनाना चाह रही है.
Also Read : VIP Culture Ended In Punjab: VIP कल्चर ख़त्म करने की ओर मान का बड़ा क़दम, 424 बड़े लोगों की सुरक्षा हटाई
अपने को हरियाणा का लाल बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि हम आपके बच्चों को इंजीनियर, डॉक्टर वकील बनाना चाहते हैं और भाजपा दंगाई। फैसला आपको करना है कि अपने बच्चो को आप क्या बनाना चाहते हैं. केजरीवाल ने आज भी अपने राजनीतिक मंच से कहा कि उन्हें राजनीती करना नहीं आती, उन्हें सिर्फ काम करना आता है. उन्होंने हरियाणवी अंदाज़ में कहा कि मन्ने काम करना आवे, जितना मर्जी काम करवा लो।
केजरीवाल ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि रामचन्द्र जी ने “रावण” का घमंड तोड़ा, श्री कृष्ण ने “कंस” का घमंड तोड़ा था और अब किसानों ने “भाजपाइयों” का घमंड तोड़ा है। केजरीवाल किसान बिलों की वापसी की बात कर रहे थे. केजरीवाल ने मोदी जी की तरह हरियाणा से अपना रिश्ता जोड़ते हुए कहा कि यहाँ मेरा जन्म हुआ और जन्मभूमि का क़र्ज़ कोई भी सात जन्मों तक नहीं उतार सकता।
Also read: पंजाब में कुछ भी बोया जा सकता है, नफरत के बीज नहीं: मान
पेपर लीक पर खट्टर सरकार को घेरते हुए केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने इस मामले में तो गिनीज़ बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में अपना नाम दर्ज करवा लिया है. केजरीवाल ने पीएम मोदी चैलेन्ज करते हुए कहा कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव मौजूदा मुख्यमंत्री के साथ लड़कर दिखाएँ। AAP को एक कट्टर ईमानदार पार्टी बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि हमने पंजाब में अपने एक मंत्री को करप्शन का आरोप लगते ही कैबिनेट से बर्खास्त कर जेल भेज दिया, क्या भाजपा सरकारों में कभी ऐसा संभव हो सकता है.

