Site icon Buziness Bytes Hindi

वीवो बना रहेगा आईपीएल का टाइटल स्पॉंसर


वीवो बना रहेगा आईपीएल का टाइटल स्पॉंसर

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की संचालन परिषद ने रविवार को चीनी मोबाइल कंपनी वीवो सहित सभी प्रायोजकों को बरकरार रखने का फैसला किया और इस साल संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले टूर्नामेंट में कोविड-19 के कारण असीमित संख्या में खिलाड़ियों को बदलने की मंजूरी दी।

आईपीएल संचालन परिषद (जीसी) ने रविवार को हुई ‘वर्चुअल’ बैठक में फैसला किया कि टूर्नामेंट 19 सितंबर से 10 नवंबर तक खेला जायेगा। आईपीएल जीसी के एक सदस्य ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, ‘‘मैं सिर्फ यही कह सकता हूं कि हमारे सभी प्रायोजक हमारे साथ हैं। उम्मीद है कि आप समझ ही गये होंगे।’’

आईपीएल जीसी सदस्य ने कहा, ‘‘हमें एक हफ्ते के अंदर गृह और विदेश मंत्रालय से जरूरी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। फाइनल 10 नवंबर को खेला जायेगा क्योंकि इससे यह दिवाली के हफ्ते में शामिल हो जायेगा और प्रसारकों के लिये यह लुभावना मौका रहेगा।’’

प्रायोजक अनुबंध में कोई बदलाव नहीं होगा जिसकी जानकारी शनिवार को दे दी गयी थी। मौजूदा वित्तीय कठिन परिस्थितियों को देखते हुए इतने कम समय में बोर्ड के लिये नया प्रायोजक ढूंढना मुश्किल होगा। उम्मीद है कि खेलने वाले सदस्यों के हिसाब से आठ फ्रेंचाइजी के लिये टीम की संख्या 24 खिलाड़ी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘मानक परिचालन प्रक्रिया अब भी तैयार की जा रही है लेकिन इस साल कोविड-19 के कारण इसमें किसी भी संख्या में बदलाव संभव होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही बीसीसीआई को संयुक्त अरब अमीरात में चिकित्सीय सुविधायें बनाने के लिये दुबई के ग्रुप से प्रस्तुतिकरण मिला है। बीसीसीआई ‘बायो-बबल’ (जैव सुरक्षित वातावरण) बनाने के लिये टाटा ग्रुप से भी बातचीत कर रहा है।’’

Exit mobile version