नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 14वें सीजन के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसकी नीलामी का आयोजन 18 फरवरी को चेन्नई में आयोजित कराया जा रहा है। इस बीच रिपोर्ट आई है कि चीनी मोबाइल कंपनी वीवो (VIVO) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन से भी अपनी टाइटल स्पॉन्सरशिप के अधिकार को खत्म करने का फैसला किया है। ऐसे में ड्रीम 11 और अनअकेडमी को आईपीएल 2021 के मुख्य दावेदार के रूप में देखा जा रहा है जिन्हें इस सीजन के टाइटल स्पॉनसरशिप के अधिकार दिये जा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि वीवो ने साल 2016 में बीसीसीआई (BCCI) के साथ आईपीएल की टाइटल स्पॉनसरशिप के लिये 440 करोड़ रुपये सालाना का करार पांच सालों के लिये किया था, हालांकि पिछले साल जब भारत और चीन के बीच राजनैतिक संबंधों में तल्खी आ गई और सीमा पर विवाद होता दिखा तो भारत में चीनी उत्पादों के प्रति आक्रोश का माहौल पैदा हो गया और लोगों ने इनके बहिष्कार की मांग शुरू कर दी।
गौरतलब है कि पिछले साल वीवो के करार खत्म करने के बाद ड्रीम 11 ने आईपीएल 2020 के लिये टाइटल स्पॉन्सरशिप हासिल की थी। वहीं कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार वीवो अपने स्पॉन्सरशिप के बकाया समय का अधिकार नये प्रायोजक को दे सकता है जिसके लिये बीसीसीआई की सैद्धांतिक मंजूरी जरूरी है।
ऐसे में ड्रीम 11 और अनअकैडमी टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिये वीवो के सामने अपना प्रस्ताव रख सकती हैं जो कि अधिकार लेने के लिये बड़ी कीमत चुकाने को तैयार हैं। बीसीसीआई अधिकारी के अनुसार साल 2022 में आईपीएल की टीमों की संख्या बढ़ाई जानी है जिसको लेकर बोर्ड दोबारा से नीलामी करेगा और इस दौरान उसने अगले 3 सालों के लिये स्पॉन्सरशिप करार देने का फैसला किया है।

