इंग्लैंड और भारत के बीच विशाखापटनम में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच टीम इंडिया के दूसरी पारी में बड़ा स्कोर न कर पाने के कारण दिलचस्प हो गया है. इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 332 रन चाहिए और अभी उसके हाथ में 9 विकेट हैं. पहली पारी में 76 रनों की पारी खेलने वाले जैक क्रौली 29 और रेहान अहमद 9 रन बनाकर नाबाद हैं. उम्मीद थी टीम इंडिया दूसरी पारी में भी बड़ा स्कोर बनाकर इंग्लैंड की जीत की सभी उम्मीदों को पूरी तरह ख़त्म कर देगी लेकिन शुभमन के आउट होते ही भारतीय पारी सिमटने में समय नहीं लगा. शुभमन 104 रन बनाकर आउट हुए. उनकी बल्लेबाज़ी फॉर्म को लेकर बहुत से सवाल उठ रहे थे. इस शतकीय पारी से अब उन्हें काफी राहत मिली होगी।
भारतीय पारी कल के बिना विकेट खोये 28 रन से शुरू हुई लेकिन स्कोर में एक ही रन जुड़ा था कि कप्तान रोहित शर्मा 13 रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर बोल्ड हो गए. एक ही रन बाद उनके साथी और पहली पारी में डबल शतक जड़कर धमाल मचाने वाले यशस्वी जैसवाल भी 17 रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर रुट को कैच थमा बैठे. इसके बाद शुभमन और श्रेयस स्कोर को 111 रनों तक ले गए, यहाँ पर श्रेयस 29 रन बनाकर पिछले मैच के हीरो हार्टले का पहला शिकार बने. पहली पारी में अच्छी बल्लेबाज़ी की झलक दिखाने वाले रजत पाटीदार सिर्फ 9 रन बनाकर रेहान अहमद की गेंद पर चलते बने। इसके बाद गिल ने अक्षर पटेल के साथ 89 रनों की साझेदारी की. इस समय ऐसा लग रहा था कि टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है लेकिन 211 के स्कोर पर इंग्लैंड के नए स्पिनर शोएब बशीर ने इस पारी का इकलौता और बहुमूल्य विकेट गिल को आउट करके हासिल किया। गिल ने 104 रनों की पारी खेली।
गिल के आउट होने के बाद टीम इंडिया के आखरी पांच बल्लेबाज़ सिर्फ 51 रन ही जोड़ सके जिसमें अश्विन के 29 रन भी शामिल है, अश्विन आउट होने वाले आखरी बल्लेबाज़ रहे. टॉम हार्टले ने एकबार फिर शानदार गेंदबाज़ी की और चार विकेट हासिल करने में सफलता हासिल की. रेहान अहमद ने उनका अच्छा साथ निभाया और तीन विकेट चटकाए। अनुभवी एंडरसन के हिस्से में दो विकेट आये. दरअसल दोनों ओपनर्स को जल्द आउट कर एंडरसन ने भारत को बैकफुट पर जाने को मजबूर कर दिया था.
इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 399 रनों का टारगेट मिला। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ों ने एकबार फिर ठोस शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 50 रन बना डाले। यहीं पर अश्विन ने भारत को ब्रेक थ्रू दिलाया और बेन डकेत को कीपर भरत के हाथों कैच आउट कराया। इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर एक विकेट खोकर 67 रन बना लिए है. भारत को श्रंखला में बराबरी के लिए अच्छी गेंदबाज़ी करनी पड़ेगी। अभी दो दिन का खेल शेष है, देखना ये है कि मैच चौथे दिन ही खत्म होगा या नहीं.

