कुंभ मेला के मुख्य स्नान पर नहीं होगा वीआईपी दौरा

उत्तराखंडकुंभ मेला के मुख्य स्नान पर नहीं होगा वीआईपी दौरा

Date:


कुंभ मेला के मुख्य स्नान पर नहीं होगा वीआईपी दौरा

आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस टूल से होगी कुंभ मेला क्षेत्र की निगरानी
भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए भी रोडमैप तैयार किया

देहरादून। हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले को सुरक्षित और संक्रमण मुक्त बनाने के लिये केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक निरंतर प्रयास में जुटी हैं। कुंभ मेला को लेकर गाइडलाइन जारी करने के साथ इस बार का मेला 30 दिन के लिये सीमित कर दिया गया है। आज देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में कुंभ मेला की व्यवस्थाओं को लेकर अंतरराज्यीय समन्वयक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कुंभ मेला कुशलतापूर्वक और कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए संपन्न कराने पर चर्चा की गयी। बैठक में तय किया गया कि हरिद्वार कुंभ में मुख्य स्नान के दिन वीआईपी दौरे की अनुमति नहीं दी जायेगी। यदि वीआईपी बिना प्रोटोकाॅल एक सामान्य श्रद्धालु के तौर पर स्नान के लिए हरिद्वार आना चाहें तो उन पर कोई रोक नहीं है। मगर उन्हें किसी भी प्रकार का वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जायेगा।

आज उत्तरप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, चण्डीगढ़, जम्मू-कश्मीर के साथ ही एनआईए, आईबी, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों की साझा अंतरराज्यीय समन्वयक बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने बताया कि कुंभ मेला क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों पूरी तरह अलर्ट रहेंगी। सुरक्षा के लिये आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए कुंभ मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस टूल से भी की जायेगी। वहीं कोविड संक्रमण से बचाव करने के लिये सभी राज्यों की पुलिस कोविड गाइडलाइन का भी व्यापक प्रचार प्रसार करेगी। स्नान के लिये आने वाले श्रद्धालुओें को कोविड गाइडलाइन के अन्र्तगत मास्क लगाना, सामाजिक दूरी बनाये रखना आदि नियमों का पालन करना अनिवार्य है। भीड़ और यातायात नियंत्रण को लेकर भी चर्चा कर प्लान तैयार कर लिया गया है।

डीजीपी अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक सीआइडी हरियाणा आलोक मित्तल, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन उत्तर प्रदेश राजीव सभरवाल, अपर पुलिस महानिदेशक सीआइडी-पीएसी उत्तराखंड पीवीके प्रसाद, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ संजय गुंज्याल, मेलाधिकारी कुंभ मेला दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड अमित सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना राजस्थान रुपिंदर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक हिमाचल प्रदेश दिलजीत ठाकुर, एडीआरएम उत्तर रेलवे मुरादाबाद एनएन सिंह, एसीपी दिल्ली पुलिस रविकांत, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तर प्रदेश कुलदीप नारायण आदि मौजूद रहे।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related