Site icon Buziness Bytes Hindi

गांव, गरीब, किसान राज्य सरकार के एजेण्डे में: मुख्यमंत्री योगी


गांव, गरीब, किसान राज्य सरकार के एजेण्डे में: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद मुरादाबाद में कन्या विवाह सहायता योजना के तहत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की 2,754 पुत्रियों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने मुरादाबाद मण्डल के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 2,754 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इनमें हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई व बौद्ध आदि सम्प्रदायों के दम्पत्ति शामिल थे। उन्होंने लाभार्थियों को सामूहिक विवाह हितलाभ प्रमाण पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुरादाबाद जनपद के विकास के लिए 183.10 करोड़ रुपए लागत की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इनमें 103.69 करोड़ रुपए लागत की 36 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 79.41 करोड़ रुपए की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक, राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित हैं। प्रदेश सरकार उनके परिवार के कल्याण की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है। निर्माण श्रमिकों के कल्याण हेतु कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद सहायता योजना, मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, सन्त रविदास शिक्षा सहायता योजना, चिकित्सा सुविधा सहायता योजना, शौचालय सुविधा सहायता योजना, आवास सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता एवं अक्षमता पेंशन योजना आदि सम्मिलित हैैं। यह योजनाएं श्रमिकों की विभिन्न जरूरत के लिए सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धान्त का अनुसरण करते हुए गरीबों, मजदूरों, महिलाओं, नौजवानों, किसानों व वंचितों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। गांव, गरीब, किसान आदि राज्य सरकार के एजेण्डे में हैं। अन्नदाता किसान के जीवन में खुशहाली, देश की उन्नति का आधार है।

Exit mobile version