पुलिस को चकमा देकर पुराने मामले में गया जेल
कानपुर। पुलिस की घेराबंदी को नाकाम साबित करते हुए कुख्यात विकास दुबे का भाई दीप प्रकाश आज एक पुुरानेेे मामले में सरेंडर कर जेल चला गया। दीप प्रकाश को पुलिस काफी समय से तलाश कर रही थी और कुछ दिनों पहले उसके लखनऊ स्थित घर पर कुर्की भी की गयी थी। मगर दीप प्रकाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा और आज कोर्ट में सरेंडर करने में कामयाब हो गया।
बिकरू कांड का सूत्रधार विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। इसके बाद पुलिस ने विकास दुबे के करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश को भी पुलिस तलाश रही थी। बताया जाता है कि दीप प्रकाश ने 19 दिसंबर को भी कोर्ट में सरेंडर करने का प्रयास किया था मगर पुलिस को खबर लग गयी।
जिसके बाद कचहरी में पुलिस की सख्ती के कारण दीप प्रकाश सरेंडर नहीं कर पाया। पुलिस ने उसके लखनऊ स्थित घर पर कुर्की की कार्रवाई भी की थी। 20 हजार रुपये का इनाम दीप प्रकाश पर घोषित किया गया था।
लेकिन आज पुलिस की कोशिशों को नाकाम करते हुए दीप प्रकाश ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। एक पुराने मामले में सरेंडर करने वाले दीप प्रकाश को कोर्ट ने जेल भेज दिया। अब पुलिस दीप प्रकाश को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। दीप प्रकाश पर लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में कई धाराओं में मामले भी दर्ज हैं।
गौरतलब है कि विकास दुबे के नजदीकियों पर शिकंजा कसते हुए उनकी गिरफ्तारी से लेकर उनके शस्त्र लाइसेंस तक निरस्त कराने की कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को भी विकास दुबे के खास माने जाने वाले अंजलि दुबे, बाबू सिंह, अखिलेश कुमार उर्फ छोटे शुक्ला और रामचंद्र का लाइसेंस निरस्त किया गया है।

