- पोस्टर में समाजवादी पार्टी के मुखिया की फैमिली की पिक्चर
- विकास की पत्नी रिचा घिमऊ से जिला पंचायत सदस्य का लड़ी थी चुनाव
बिठूर के बिकरु गांव में हुई 8 पुलिसकर्मियों की शहादत ने देश भर में सियासी पारा गर्म कर दिया है. राजनैतिक रसूख रखने वाले विकास दुबे को लेकर अब आरोप प्रत्यारोप शुरु हो गए हैं. सरकार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कठघरे में खड़ा किया है और कहा है कि इस घटना की जिम्मेदारी योगी सरकार की ही है. उन्हीं के राज में प्रदेश के अंदर गुंडाराज चरम पर है और समाज के रखवाले ही गुंडाराज का शिकार हो रहे हैं. लेकिन इस मामले में नया मोड़ तब आ गया जब हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की पत्नी का एक पोस्टर सामने आया, जिसमें उसका कनेक्शन समाजवादी पार्टी से सीधे तौर पर दिखाई दे रहा है.
विकास दुबे की पत्नी के पोस्टर में यादव परिवार
विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे का एक पोस्टर अलग ही कहानी कह रहा है. ये पोस्टर उस वक्त का है, जब रिचा दुबे घिमऊ से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही थीं. जिला पंचायत सदस्य पद की दावेदार रिचा दुबे को उस वक्त समाजवादी पार्टी का समर्थन प्राप्त था. उसके पोस्टर में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की तस्वीरें भी साफ दिखाई दे रही हैं.
कानून मंत्री ने समाजवादी पार्टी को दिया जवाब
मामले पर राजनीतिक बयान देने को लेकर कानून मंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी को जवाब दिया है. उन्होंने कहा है कि जो लोग इस मामले के बीजेपी से अपराधियों की गठजोड़ की बात कह रहे है, कनेक्शन उन्हीं का निकलेगा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में ही अपराध है. इस बार अपराधी का कोई भी कनेक्शन क्यों न हो, वो बच नहीं पाएगा. कानून मंत्री ने ये भी कहा कि पूरे मामले की जांच होगी. रेड में गए पुलिस वालों की कम संख्या पर भी, और अगर इसमें किसी स्तर पर कोई कमी हुई है, तो उस पर भी जांच की जाएगी.

