- पुलिस के शक के घेरे में एक दारोगा, एक सिपाही और एक होमगार्ड है
- तीनों की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है
यूपी पुलिस का मोस्ट वांटेड चेहरा विकास दुबे बना हुआ है. 24 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं पर पुलिस की जाबांज अफसर उसकी तलाश में जुटे हैं पर उन्हें अभी तक सफलता नहीं मिली है. शुक्रवार की देर रात तक पुलिस ने कई इलाकों में दबिश दी लेकिन विकास दुबे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है. पुलिस ने उसके कॉल डिटेल खंगाले है. इसमें चौबेपुर थाने के एक दरोगा का नंबर सामने आया है. पुलिस के अफसर उससे पूछताछ कर रहे हैं. सूत्रों से जानकारी मिली है कि शक जताया जा रहा है कि विकास को सूचना देने में इसी दरोगा का हाथ है. हालांकि इसकी अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.गौरतलब है विकास दुबे वो शख्स है जिसने 8 पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारा है. इस घटना को लेकर यूपी की सियासत भी गर्म है.
विकास के गुनाहों की सजा उसकी फैमिली भुगतेगी
शुक्रवार देर रात हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे, उसके भाई, भतीजे, मामा व परिवार के 10 सदस्यों और 22 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.मुकदमे हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट आदि धाराओं में दर्ज किया गया है. मुठभेड़ में आरोपित के दो रिश्तेदारों की मौत मामले में भी हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कराया गया है. सीओ, तीन दारोगा और अन्य जवानों के पोस्टमार्टम के बाद देर रात अधिकारियों के निर्देश पर चौबेपुर थाना प्रभारी विनय कुमार तिवारी ने यह दो मुकदमे दर्ज कराए.
12 लोग हिरासत में
शुक्रवार रात पुलिस की करीब बीस टीमें अलग अलग जिलों में विकास दुबे की तलाश में दबिश देता रही. ये वो जगहें थी, जहां पर विकास दुबे के रिश्तेदार और परिचित रहते हैं. पुलिस ने इस मामले में 12 और लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है. पुलिस ने इन लोगों को मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर उठाया है.
विकास के कॉल डिटेल में पुलिसकर्मियों के नंबर
सूत्रों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में इन लोगों से विकास दुबे की बातचीत हुई थी. हैरानी की बात है कि विकास दुबे के फोन की कॉल डिटेल में कुछ पुलिसवालों के नंबर भी सामने आए हैं. ये बेहद हैरान करने वाला तथ्य है.
दारोगा ने दी विकास दुबे को रेड की सूचना
जानकारी के मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया है कि चौबेपुर थाने के ही एक दारोगा ने विकास दुबे को पुलिस के आने की जानकारी पहले ही दे दी थी. इस वक्त पुलिस के शक के घेरे में एक दारोगा, एक सिपाही और एक होमगार्ड है. तीनों की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.

