आज बंद होंगे बद्रीनाथ मंदिर के कपाट, शीतकाल हुआ शुरू
प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट आज यानी शनिवार को अपराह्न 3 बजकर 35 मिनट पर बन्द हो जायेंगे। वहीं शीतकाल में बन्द होने की वजह से आज मंदिर प्राँगण को सजाया गया है, जहाँ मुख्य प्रवेश द्वार को गेंदे के फूलों से सजाया गया है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को पंच पूजाओं के साथ चौथे दिन माता लक्ष्मी का पूजन सम्पन्न हुआ, इसके साथ ही कपाट बंद होने के रीति रिवाजों के तहत माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग चढ़ाया गया तथा उनकी विधिवत पूजा की गयी। जानकारी के अनुसार शनिवार को रावल ईश्वरी प्रसाद (मुख्य पुजारी) नंबूदरी स्त्री का वेश धारण करके माता लक्ष्मी की पूजा करने आये।

वहीं अब आगे बद्रीनाथ धाम में माता लक्ष्मी जी की प्रतिमा को गर्भगृह में स्थापित किया जायेगा, इसके साथ ही उद्धव जी व कुबेर जी की प्रतिमा को मंदिर परिसर में लाया जायेगा। वहीं अब घृत कंबल (घी में भिगोया ऊन का कंबल) भगवान बद्रीनाथ को ओढ़ाया जायेगा, वहीं घृत कंबल माणा गाँव की महिला मंगल दल द्वारा तैयार किया गया है।
वहीं इन सभी प्रक्रियाओं के बाद अपराह्न 3 बजकर 35 मिनट तक भगवान बद्रीनाथ के कपाट शीतकाल के लिये बन्द हो जायेंगे।

