Site icon Buziness Bytes Hindi

टिकट की आस में दावेदारों ने लखनऊ मे डाला डेरा, होटल कारोबारियों की चांदी


टिकट की आस में दावेदारों ने लखनऊ मे डाला डेरा, होटल कारोबारियों की चांदी

लखनऊ। यूपी में चुनावी तारीखों का ऐलान हो चुका है, लेकिन बसपा को छोड़कर बड़ी पार्टियों सपा, भाजपा, कांग्रेस आदि ने अभी तक प्रत्याशियों को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि, पहले चरण में अब मात्र एक महीने से भी का वक्त बचा हुआ है, ऐसे में टिकट के दावेदारों की बेचैनी बढ़ी हुई है। यही कारण है कि लखनऊ में सपा, भाजपा और कांग्रेस के टिकट के दावेदारों का जमावड़ा लगा हुआ है। टिकट के दावेदार इस मंशा के साथ आये हुए हैं कि उनका नाम जब तक फाइनल नहीं हो जाता है, तब तक वो अपने गृह जनपद नहीं जाएंगे। इसके लिए वो होटलों में अपना ठिकाना बना रहे हैं। एक दावेदार के साथ कम से कम पांच से दस समर्थक भी आये हुए हैं, ऐसे में उनकी भी व्यवस्था करनी पड़ रही है। आलम यह है कि पार्टी कार्यालयों के आसपास के होटलों में जगह नहीं बची है। साथ ही लॉज आदि भी बुक हो चुके हैं।

Read also: अखिलेश ने अपनी पार्टी में बसपा, भाजपा नेताओं का स्वागत किया

नेताओं के सामने संकट

सपा कार्यालय पर पश्चिमी यूपी से आये एक नेता ने नाम और फोटो नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह तो अब तक क्षेत्र में खुद को प्रत्याशी के तौर पर प्रचारित करते रहे हैं। एक महीने बाद वोटिंग होनी है। कई दूसरे दावेदार भी हैं। अब संकट यह है कि एक महीने से भी कम का वक्त बचा है, ऐसे में टिकट को लेकर संशय की स्थिति है। उन्होंने बताया कि अब यहां डेरा डालना मजबूरी है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही से सालों की मेहनत बेकार चली जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके अलावा कई समर्थक भी हैं, ऐसे में रिश्तेदारों के यहां जा पाना भी मुश्किल हो रही है।

25 हजार से ज्यादा नेताओं का जमावड़ा

यूपी में विधानसभा की 403 सीटें हैं। ऐसे में सपा, भाजपा, कांग्रेस से हर सीट पर कम से कम चार दावेदार आये हुए हैं। इसमें सपा और भाजपा के दावेदारों की संख्या सात से आठ तक हो गई है। जिनकी संख्या हजारों में पहुंच गई है। हर नेता के साथ समर्थक भी हैं। जो संख्या 25 हजार से ज्यादा हो जा रही है।

Read also: विधानसभा चुनावों के लिए टिकटों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस सीईसी की बैठक

होटल कारोबारी खुश

लखनऊ होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश छाबड़ा पम्मी ने बताया कि संख्या तो बढ़ी है, कई होटलों में जगह नहीं बची है। लेकिन, यह भीड़ पार्टी कार्यालयों के आसपास ही ज्यादा है। इसके अलावा पार्टी के दावेदार यह भी कोशिश करते हैं कि सस्ता होटल मिल जाए। इसलिए वो लॉज और गेस्ट हाउस जैसी जगहों को खोज रहे हैं। लालबाग, हजरतगंज, चारबाग, हलवासिया, गोमती नगर, विश्वास खंड, हुसैनगंज, नाका क्षेत्र के होटलों में भीड़ ज्यादा दिखाई दे रही है।

Exit mobile version