देहरादून। आईएएस अधिकारी सौजन्या को शासन ने रिलीव कर दिया है। वह अब लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगी। आईएएस सौजन्या के साथ ही दो और आईएएस अधिकारी अध्ययन अवकाश पर विदेश जाने की तैयारी में हैं। उत्तराखंड सचिवालय में तैनात तीन आईएएस अधिकारी अब कम हो जाएंगे। इनमें एक आईएएस अधिकारी सौजन्या को रिलीव कर दिया गया है। सौजन्या सचिव निर्वाचन, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अलावा वित्त और सूचना प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनके स्थना पर अब सचिव शैलेश बगौली अपने अन्य विभागों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी का अतिरिक्त प्रभार देखेंगे। सचिव वित्त और नागरिक उड्डयन के साथ निर्वाचन का प्रभार आईएएस दिलीप जावलकर को दिया है।
सचिव राधिका झा के अलावा अपर सचिव डॉ0 आशीष श्रीवास्तव अध्ययन अवकाश पर विदेश जाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों आईएएस अधिकारियों ने कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को अध्ययन अवकाश के लिए आवेदन किया है। सूत्रों के अनुसार सचिव स्वास्थ्य का दायित्व देख रही आईएएस राधिका झा सितंबर माह में स्टडी लीव पर चली जाएंगी। आईएएस अधिकारी सविन बंसल विदेश में अध्ययन के बाद अवकाश से लौटे हैं। कार्मिक विभाग आने वाले कुछेक दिन में उनकी तैनाती करेगा। इसके अलावा तीन आईएएस की कमी सरकार पीसीएस से पदोन्नत 17 आईएएस अधिकारियों से करेगी। इस सप्ताह आईएएस कैडर में 17 नए आईएएस अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। उत्तराखंड के खाते में आईएएस कैडर के कुल 126 पद हैं। जिनमें से इस समय 82 आईएएस शासन और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। वहीं 17 आईएएस अधिकारी मिल जाने के बाद इनकी संख्या बढ़ जाएगी। इनमें से कुछ अधिकारी पहले से अपर सचिव स्तर पर तैनात हैं। लेकिन उसके बाद भी प्रदेश में आईएएस की कमी बनी रहेगी।
