नई दिल्ली: उत्तराखंड के बाढ़ आपदाग्रस्त चमोली जिले में तपोवन सुरंग से रविवार को 12 शव और बरामद किए गए। चमोली की ऋषिगंगा घाटी में 7 फरवरी को हिमखंड फटने से आई बाढ़ में मारे गए लोगो की संख्या अब 50 हो चुकी है, जबकि 152 अन्य लोग अब भी लापता बताये जा रहे हैं।
शवों की तलाश लगातार जारी
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस के जवान लगातार बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। एनडीआरएफ कमांडेंट पीके तिवारी ने बताया है कि टीम लगातार शवों की तलाश कर रही है। नदी के किनारे शवों की तलाश के लिए एक टीम भी तैनात की गई है। बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियां चौबीस घंटे काम कर रही हैं।
2 व्यक्ति जीवित मिले
शनिवार को चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया था कि अब तक 36 शव बरामद हुए और 2 व्यक्ति जीवित मिले थे। राहत कार्य अब भी जारी है। वहीं क्षेत्र में बाढ़ के बाद जनजीवन अस्त-वयस्त हो गया है। वहीं इसकी वजह से कई छोटे गावों से भी संपर्क टूट गया है।

