देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों पर सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। हालात ये हैं कि होटल और रेस्टोरेंट सब फुल हो गए हैं। प्रदेश के पर्यटन स्थल ऋषिकेश, मसूरी और नैनीताल में वीकेंड पर पर्यटक भारी भीड़ उमड़ी है। वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में बंपर भीड़ को देखते हुए होटलों और रेंस्टोरेंट की बुकिंग फुल हाे चुकी है। पहाड़ो की रानी मसूरी में पर्यटक का मौसम अब शुरू हुआ है। जिसके चलते वीकेंड पर पर्यटकों की खासी भीड़ मसूरी में नजर आई। कैंपटी फॉल में सुबह से पर्यटक झरने का मजा लेते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा गनहिल, कंपनी गार्डन और लाल टिब्बा पर्यटकों से गुलजार हो गया है। मसूरी में इस समय 70 प्रतिशत होटल फुल हो चुके हैं। माना जा रहा है कि आगामी 15 और 16 अप्रैल केा भी मसूरी के होटल पूरी तरह से बुक रहेंगे। इससे होटल कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। कारोबारियों को इस बार व्यापार में अच्छा मुनाफा आने की उम्मीद है।
Read also: Mysore जाने की सोच रहे है तो इन जगहों पर जरूर जाएं!!
पर्यटन सीजन को देखते हुए मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। इसके साथ मालरोड को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। यहां पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर मसूरी के अलावा तीर्थनगरी ऋषिकेश में पर्यटक राफ्टिंग और रोमांच से भरपूर कैंपिंग का मजा ले रहे हैं। तपोवन और लक्ष्मण झूला के अलावा मुनि की रेती, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के होटल पूरी तरह से फुल हैं। कुछ ऐसा ही हाल नैनीताल का भी है। नैनीताल में दिल्ली,गाजियाबाद और पश्चिमी उप्र के जिलों के अन्य जगहों का पर्यटक पहुंच चुका है।

