कोरोना संक्रमण से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने को उठाया कदम
सभी छात्र-छात्राओं को किया जायेगा प्रमोट, आदेश जारी
देहरादून। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही कम हो गयी हो मगर अभी खतरा टला नहीं है। वहीं कोरोना की संभावित तीसरी लहर का असर बच्चों पर अधिक होने की आशंका से अभिभावक भी चिंतित हैं। कोरोना संक्रमण से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने को उत्तराखंड बोर्ड ने भी कक्षा 12 की परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया है। कक्षा 12 के सभी छात्र-छात्राओं को प्रमोट किया जायेगा।
शुक्रवार को परीक्षा निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया गया है। इस साल उत्तराखंड बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा देने के लिये एक लाख 23 हजार से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इससे पहले हाईस्कूल की परीक्षा को भी निरस्त किया जा चुका है। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कक्षा 12 के सभी छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रमोट किया जायेगा। यदि किसी छात्र को कम नंबर आने पर आपत्ति है तो उसे बाद में परीक्षा देने का विकल्प भी मिलेगा।
इससे पहले उत्तराखंड बोर्ड की 12वीं की परीक्षा को बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर कराने की तैयारी की जा रही थी। मगर अभी तक मात्र 30 हजार शिक्षकों को ही कोरोना वैक्सीन लगायी गयी है। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के छात्रों के लिये वैक्सीन अभी लगाना शुरू भी नहीं किया जा सका है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के फैलने की आशंकाओं के मद्देनजर सरकार ने उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा को निरस्त करना ही बेहतर समझा।

