Site icon Buziness Bytes Hindi

आज होगा घर—घर प्रचार,70 सीटों पर 632 प्रत्याशी मैदान में,मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच


आज होगा घर—घर प्रचार,70 सीटों पर 632 प्रत्याशी मैदान में,मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Election 2022) – देव भूमि के नाम से प्रसिद्ध उत्तराखंड राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर कल वेलेटाइन डे यानी 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शनिवार को प्रदेश में राजनैतिक दलों ने ताकत झोंक दी थी। राजय में 70 विधानसभा सीटों पर 632 प्रत्याशी मैदान में अपना भाग्य अजमा रहे हैं। लेकिन राज्य में मुख्य मुकाबला इस बार भी भाजपा और कांग्रेस के बीच है। हालांकि कुछ स्थानों पर आप भी दोनों दलों को टक्कर देने की स्थिति में है।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा उप्र के मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने चुनाव प्रचार किया। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी और सचिन पायलट मैदान में डटे रहे। आप की ओर से चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कमान संभाली हुई थी।

Read also: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव – भाजपा ने जारी की 9 उम्मीदवारों की नई सूची

दिलचस्प होगा इस बार विधानसभा चुनाव में मुकाबला :

इस बार देवभूमि उत्तराखंड के व‍िधानसभा चुनाव का मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। इस बार का चुनाव बुजुर्ग अनुभवी राजनीति और युवा नेतृत्व के बीच है। चुनाव में भाजपा के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। धामी खटीमा से चुनावी मैदान में उतरे हैं। मुख्यमंत्री के खिलाफ कांग्रेस ने भुवन चंद्र कापड़ी को मैदान में उतारा है। वहीं दूसरी ओर आप के प्रत्याशी एसएस कलेर भी मुख्यमंत्री को टक्कर देने की हैसियत में हैं।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत का राजनैतिक करियर भी दांव पर लगा हुआ है। हालांकि कांग्रेस राज्य में हरीश रावत के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रही है। हरीश रावत प्रदेश चुनाव अभियान के संयोजक हैं। हरीश रावत लालकुआं से चुनावी मैदान में उतरे हैं। मोहर सिंह बिष्ट भाजपा से हरीश रावत को टक्कर दे रहे हैं। वहीं उत्तरकांशी की गंगोत्री विधानसभा सीट से भाजपा ने सुरेश चौहान को चुनावी रण में उतारा है तो उनके सामने कांग्रेस के विजयपाल सिंह कड़े मुकाबले में हैं। देवभूमि का प्रथम द्वार कहे जाने वाले हरिद्वार से भाजपा के मदन कौशिक और कांग्रेस के सतपाल ब्रहचारी के बीच कड़ी टक्कर है। पिछले चुनाव में हरिद्वार जिले की 11 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 8 पर जीत दर्ज की थी। जबकि तीन सीटें कांग्रेस के खाते में आई थी।

Read also: विधानसभा चुनाव के बीच हर पोस्ट पर रहेगी फेसबुक की बारीक नजर

विधानसभा चुनाव 2017 में भाजपा बड़े बहुमत से प्रदेश में जीती थी। भाजपा को 2017 के चुनाव में 56 सीटों पर विजय हासिल हुई थी। जबकि कांग्रेस को 11 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। भाजपा को 2017 में 46.5 प्रतिशत वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस को 33.5 प्रतिशत मत मिले थे। इस बार उत्तराखंड के चुनाव मैदान में आप भी ताल ठोक रही है।

Exit mobile version