- बसपा प्रमुख ने कहा, यूपी में हर दिन हो रहा छोटी जाति के ऊपर जुलुम
लखनऊ। डाॅ. भीमराव आम्बेडकर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब को श्रद्धाजंलि अर्पित करने के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि देश और राज्यों की सत्ता में बैठे लोग बाबा साहब के विरोधी हैं। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर दिन छोटी जाति के लोगों पर जुलुम किया जाता है मगर यह बातें मीडिया में नहीं आती हैं।
Read also: केशव मौर्या के बयान पर मायावती का पलटवार, बोली हिंदू-मुस्लिम भाजपा का आखिरी हथकंडा
बाबा साहब डा. भीमराव आम्बेडकर का 66वां परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मायावती ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद पत्रकारों से वार्ता की। मायावती ने कहा कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और उपेक्षितों के उत्थान के लिए संघर्ष करने वाले बाबा साहब ने पिछड़े तथा दलितों को कानूनी अधिकार दिलाया। मगर केंद्र और राज्यों में जातिवादी सरकारों की उदासीनता की वजह से दलित और पिछड़े संविधान में उन्हें दिए गए लाभों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश तथा कई राज्यों की सत्ता में बैठे लोग बाबा साहब के विरोधी हैं।
भाजपा और सपा पर निशाना साधते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि सड़कों पर उतरने से नहीं बल्कि सत्ता में परिवर्तन करने से ही संविधान बचाया जा सकता है। मायावती ने कहा कि बाबा साहब की सोच को आगे बढ़ाते हुए बसपा देश का संविधान बचाने और दलितों-पिछड़ों के हक के लिये लड़ रही है। भीम आर्मी के चन्द्रशेखर आजाद की ओर इशारा करते हुए मायावती ने कहा कि अपनी स्वार्थसिद्धी की लिये कुछ लोग दलित वोटों को बांटना चाहते हैं। कहा कि कुछ पार्टियां दलितों, पिछड़ों और वंचितों का वोट लेने के लिये बाबा साहब को याद करने का दिखावा कर रही है।
Read also: मायावती का भाजपा पर आरोप, मुस्लिमों के खिलाफ दर्ज हो रहे फर्जी केस
मायावती ने यूपी और उत्तराखंड चुनाव में किसी के साथ गठबंधन न करने का ऐलान किया। बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बसपा अकेले ही चुनाव लड़ेगी। पंजाब चुनाव के लिये बसपा ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन किया है। चंदौली में विधायक द्वारा कानून हाथ में लिये जाने को शर्मनाक बताते हुए मायावती ने कहा कि जनता जानती है कि सपा राज में गुंडागर्दी चरम पर थी जबकि बसपा के शासनकाल में प्रदेश में कानून का राज था। भाजपा के राज में भी कानून का राज नहीं है और यूपी में रोजाना छोटी जाति के लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है।

