लखनऊ। माफिया अतीक अहमद का काफिला मध्यप्रदेश के शिवपुरी और फिर झांसी से आगे निकल चुका है। पुलिस अतीक अहमद को लेकर शाम तक प्रयागराज पहुंचेगी। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज पुलिस रवाना हो गई है।
अतीक को सड़क मार्ग से प्रयागराज लाया जा रहा है। उसे लेकर पुलिस 1270 किलोमीटर की दूरी करीब 21 घंटे में तय करेगी। पुलिस ने रास्ते में पड़ने वाले सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इस बारे में अलर्ट कर दिया है।
माफिया अतीक को लेकर आ रही एसटीएफ और यूपी पुलिस की टीम थोड़ी देर के लिए एमपी के शिवपुरी में रुकी। काफिला अब झांसी को भी पार गया है। कोर्ट के आदेश के अनुसार अतीके के खिलाफ अपहरण के एक मामले में कल फैसला सुनाया जाएगा। अतीक अहमद सहित सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
हाईटेक असलहों से लैस जवान सुरक्षा में तैनात
अतीक अहमद को प्रयागराज लाने के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत हाइटेक असलहे से लैस 30 जवानों का विशेष दस्ता तैनात किया गया है। इसके अलावा एसटीएफ की दो टीमें इस ऑपरेशन में लगाई गई हैं।
डीजीपी मुख्यालय से हो रही है निगरानी
गुजरात के साबरमती जेल से अतीक को लेकर आ रहे पुलिस काफिले की यूपी पुलिस के शीर्ष अधिकारी मानिटरिंग कर रहे हैं। बताया गया है कि इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग डीजीपी मुख्यालय की ओर से की जा रही है। आला अफसर ऑपरेशन की एक-एक पल की जानकारी ले रहे हैं।
माफिया अतीक गुजरात से यूपी नहीं आना चाहता था। साबरमती जेल से निकलते ही उसने जो कहा था उससे साफ है कि उसे यूपी में अपनी जान का खतरा है। वह काफी पहले ही यूपी में अपने एनकाउंटर की आशंका जता चुका है।

