नोएडा। मैट्रिमोनियल और डेटिंग साइट आजकल साइबर अपराधियों का पसंदीदा ठिकाना बनी हुई है। मैट्रिमोनियल साइट्स पर लोग तो जाते है विवाह के लिए जीवन साथी की तलाश में। लेकिन फर्जी प्रोफाइल अपलोड कर साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर देते है। इन साइबर अपराधियो का शिकार असम राइफल्स में तैनात महिला सिपाही हुई। महिला सिपाही से दोस्ती करने के बाद शादी का झांसा देकर 60 लाख रुपये ठग लिए। महिला सिपाही की शिकायत पर नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने ने महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज जांच कर रही है।
Also Read : Cheated By Pub-G Game: पबजी गेम टल गन बेचने के नाम पर बच्चों से की 50 लाख की ठगी
साइबर क्राइम थाने की प्रभारी रीता यादव ने बताया कि मेरठ की रहने वाली महिला ने नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने शिकायत दी कि वह वर्ष 2016 से असम राइफल्स में सिपाही के पद पर कार्यरत है। तीन मई 2021 को उनके पति की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों के कहने पर उन्होंने सितंबर 2021 में एक मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई थी। जहाँ उसकी मुलाकात संजय सिंह नाम के व्यक्ति से हुई उसने बताया कि वह कनाडा का एनआरआई है। फिलहाल दिल्ली स्थित टेलीकॉम कंपनी में काम करता है। दोनो में इसके बाद बातचीत शुरु हो गई।
साइबर क्राइम थाने की प्रभारी ने बताया की आरोपी ने 4 अक्टूबर 2021 को कहा कि उनके भतीजे का एक्सीडेंट हो गया है। उसने उसका इलाज कराने के लिए उनसे 2 लाख रुपये मांगे। महिला ने उसके बताए गए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने कहा कि भतीजे की मौत हो गई है। कंपनी ने उनका खाता बंद कर दिया है। इस वजह से रुपये नहीं निकाल पा रहे हैं। इस बार भी आरोपी ने पीड़िता से रुपये ले लिए। इस प्रकार से साइबर ठग बहाने बनाकर महिला सिपाही से 60 लाख रुपये ठग लिये। ये रुपये आरोपी ने अलग-अलग 20 बैंक खातों में ट्रांसफर कराए।
Also read: घर में परिवार को बंधक बनाकर 40 लाख की डकैती, देर रात डकैतों ने दिया घटना को अंजाम
पीड़िता ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदारों और सहकर्मियों से उधार लेकर आरोपी को रुपये दिए थे। पीड़िता ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने कहा कि वह न्यूयार्क में फंस गया है। वह पैसे नहीं दे सकता है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद महिला सिपाही को ठगे जाने का अहसास हुआ। पीड़ित महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी संजय सिंह और महिला सुनीता वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच साइबर क्राइम थाने शुरू कर दी है।

