- गिरफ्तार दो आरोपी से की जा रही पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की जांच कर रही पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। वहीं पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोखे भी मिले हैं।
Read also: लखीमपुर खीरी हिंसा: अमित शाह से मिले अजय मिश्रा
रविवार को लखीमपुर खीरी में हुए बवाल के बाद आज पुलिस ने आशीष पांडे और लवकुश राणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आशीष पांडे और लवकुश राणा से महत्वपूर्ण जानकारी मिली हंै जिसके आधार पर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर हत्या के आरोप का मुकदमा कायम किया गया है। फरार आशीष मिश्रा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं। लखनऊ की आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को भी पूछताछ के लिए समन भेजा जा रहा है।
Read also: लखीमपुर खीरी हिंसा : एफआईआर में केंद्रीय मंत्री के बेटे पर गंभीर आरोप
घटनास्थल पर गोलियों के खोखों से खड़े हुए सवाल
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के घटनास्थल पर गोलियों के खोखे बरामद होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के दिन गोली चलने या गोली लगने से किसी के घायल या मौत हो जाने की कोई पुख्ता जानकारी उनके पास नहीं है। मौके पर मिले खोखो के बारे में जांच की जा रही है। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में किसान गुरविंदर और पत्रकार रमन कश्यप के परिवार ने मौत का कारण गोली लगना बताते हुए सवाल किए खड़े किए थे। हालांकि पुलिस ने उनकी बात को नकार दिया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसी की भी मौत गोली लगने से होने की बात सामने नहीं आयी थी।

