लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर अब सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। सड़क हादसा होने के बाद भी घायलों को तुरंत चिकित्सीय सहायता नहीं मिलती। जिसके चलते कई बार तो घायलों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ जाता है। ऐसे ही एक मामला उस समय सामने आया जब केंद्रीय विधि न्याय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल इस एकसप्रेसवे से जा रहे थे और एक घायल महिला सहायता के लिए चिल्ला रही थी। मंत्री बघेल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दुर्घटना में घायल महिला को समय पर उपचार दिलवाया। जिससे उसकी जान बच सकी। आगरा.लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कार दुर्घटना में घायल महिला मदद के लिए हर वाहन को रोक रही थी। इसी दौरान वहां से केंद्रीय मंत्री का काफिला निकला। मंत्री ने तुरंत अपना काफिला रूकवाया और तत्काल एंबुलेंस को मौके पर बुलाकर घयल महिला को अस्पताल भिजवाया।
Read also: Terrorist Saharanpur Nupur Sharma: नूपुर शर्मा को मारने की साज़िश, सहारनपुर से पकड़ा गया आतंकी
केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने बताया कि वो औरेया से आगरा आ रहे थे। लखनऊ एक्सप्रेस वे पर उन्होंने देखा कि दुर्घटनाग्रस्त कार में महिला घायल हालत में है। उन्होंने अपना काफिला रूकवा दिया। पता चला कि महिला कानपुर की रहने वाली है और करीब आधा घंटे से मदद के लिए वहां से गुजरने वालों गुहार लगा रही है। इस दौरान सैकड़ों वाहन वहां से निकले, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं रुका। केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने बताया कि उन्होंने तत्काल एंबुलेंस को मौके पर मंगवाया। घायल महिला को अस्पताल भिजवाने के बाद उसकी कार को वर्कशाप तक पहुंचाने को भी कहा। इस दौरान मंत्री बघेल करीब आधा घंटे तक घटनास्थल पर ही रुके रहे। महिला की कुशलता जानने के बाद ही वह आगरा के लिए रवाना हुए। मंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम को फेसबुक एकाउंट पर साझा करते हुए लिखा है कि अफसोस है कि घटनास्थल से गुजरने वाले वाहन चालकों द्वारा महिला की मदद नहीं की गई।

