लखनऊ। होली नजदीक है और सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मी (health workers) अपनी दो महीने के वेतन के इंतजार में हैं। इन कर्मचारियों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक से गुहार लगाई है कि उनके वेतन का भुगतान किया जाए। जिससे कि वो भी त्यौहार को धूमधाम से मना सकें। गौरतलब है कि यूपी में करीब एक लाख संविदाकर्मी हैं, जिनका वेतन भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।

Read also- मतगणना से पहले राष्ट्रीय महामंत्री ने संभाली मिशन उत्तराखंड की कमान
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री योगेश उपाध्याय ने कहा कि दो महीने से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों को कर्ज लेने पड़ गए हैं। मुश्किल परिस्थितियों में हमने सरकार के हर दिशा-निर्देशों का पालन किया है। एक तो हमारा वेतन कम है और उसके बाद भी समय से भुगतान नहीं किया जाता है। जिससे मुश्किलें उठानी पड़तीं हैं। कई कर्मचारी अपने घर से दूर रहकर किराये का मकान लेकर ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में उनके सामने दोहरा संकट है। योगेश ने बताया कि हमारे कई साथियों ने बताया कि जनवरी महीने का वेतन बजट के अभाव की वजह से रुका हुआ है। इसके अलावा फरवरी का वेतन भी अभी तक नहीं मिल पाया है। जबकि, मार्च का महीना आ गया है और इसमें भी आठ दिन बीत चुके हैं। योगेश ने मिशन निदेशक से गुहार लगाते हुए कहा है कि जनवरी महीने के वेतन संबंधी दिक्कतों का समाधान करते हुए फरवरी महीने का भी वेतन जारी किया जाए। जिससे कि हम भी होली का त्यौहार खुशियों के साथ मना सकें।

