लखनऊ। गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी के ठिकानों पर आज सुबह ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। गाजीपुर में आज गुरुवार की सुबह लखनऊ से पहुंची प्रवर्तन निदेशालय ‘ईडी’ की टीम ने सांसद अफजाल अंसारी के नगर स्थित मिश्रबाजार, रौजा,टाउन हाल के सराय गली और मुहम्मदाबाद में छापेमारी की है। यहां एक मकान को सीआरपीएफ की टीम ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल टीम अभी सभी मकानों को खंगाल रही है। वहीं छापेमार टीम कुछ बताने से इनकार किया जा रहा है। बता दें कि गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी बांदा जेल में बंद बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी का भाई है। अफजाल अंसारी को बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी ही राजनीति में लाया था। उसी की बदौलत अफजाल अंसारी सांसद बना था। बताया जाता है कि अफजाल अंसारी अपने माफिया भाई मुख्तार अंसारी के कारोबार को देख रहा था। अघोषित रूप से सांसद भाई ने ही मुख्तार अंसारी के कारोबार की बागडोर संभाली हुई थी। जिसकी जानकारी के बाद ईडी की टीम ने छापेमार कार्रवाई की है। यह भी कहा जा रहा है कि ईडी की टीम को छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।
Read also: Fuel Prices Latest Updates: सीएनजी पीएनजी के घटे दामों के बीच जानिए क्या है आज पेट्रोल डीजल का भाव
आज सुबह करीब पांच बजे ईडी की टीम सीआरपीएफ के साथ खान ट्रेवल्स संचालक टाउन हाल के सराय गली निवासी मुस्ताक खां, मिश्रबाजार स्थित आभूषण व्यवसायी विक्रम अग्रहरी और रौजा स्थित व्यवसायी गणेश दत्त मिश्रा और गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के फाटक आवास पर छापेमारी के लिए पहुंची। सभी स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान मकान के प्रमुख दरवाजे से लेकर सड़क तक सीआरपीएफ का कड़ा बंदोबस्त रहा। खबर लिखे जाने तब छापेमारी कार्रवाई जारी है।

