बलिया। जिले के भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त मुलायम सिंह की स्मृति में बलिया में सभागार बनवाएंगे। इस समय सांसद का एक पत्र सोशल मीडिया पर दो दिन से वायरल हो रहा है। वायरल पत्र के मुताबिक उन्होंने बलिया जिले में एक सभागार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम समर्पित करने की घोषणा की है। इस बाबत जिले में वायरल पत्र की राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा हो रही है।
भाजपा सांसद के वायरल हो रहे पत्र में ये घोषणा की गई है। भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त की ओर से जारी किए इस पत्र में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में बलिया जिले में सभागार बनाने की घोषणा की जानकारी दी गई है। वहीं मुलायम सिंह यादव को समर्पित इस सभागार के लिए उनके स्थानीय क्षेत्र विकास कोष से 25 लाख रुपये मंजूर किए जाने की जानकारी भी पत्र में हैं।
पत्र के मुताबिक प्रस्तावित सभागार जिला सिविल कोर्ट, बलिया के परिसर में बनाया जाएगा। जिसका निर्माण जल्द ही शुरू किये जाने की बात भी कही गयी है। सभागार का निर्माण पूरा होने के बाद इसे मुलायम सिंह यादव को समर्पित किया जाएगा। इस बाबत बीते मंगलवार को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त द्वारा जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को भी पत्र लिखकर सभागार स्थापित करने के लिए अपनी सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) कोष से 25 लाख रुपये की सिफारिश की है।
पत्र में बलिया के भाजपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक के पास समृद्ध और अद्वितीय व्यक्तित्व था और उन्हें एक विनम्र, डाउन-टू-अर्थ नेता के रूप में व्यापक रूप से जाना जाता था। सांसद ने कहा कि वे आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते थे। उन्होंने लगन से आम लोगों की सेवा की और लोक नायक जयप्रकाश नारायण और डॉ राम मनोहर लोहिया के आदर्शों पर चलकर लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन भी देश सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

