संभल। सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने पीएफआई पर लगाए प्रतिबंध को सरकार का झूठा प्रोपेगेंडा बताया। सांसद बर्क ने अपने बयान में कहा कि उनकी जानकारी के हिसाब से पीएफआई किसी भी प्रकार की गलत गतिविधियों में शामिल नहीं है। संभल से सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने आरएसएस पर निशाना साधा है। सांसद डा0 बर्क ने पीएफआई पर लगाए गए प्रतिबंध को उठाने की मांग कर डाली। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे कि साबित हो सके कि पीएफआई देशद्रोही है या उसने कोई ऐसा काम किया जो कि देश के खिलाफ गया हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने साजिश के तहत पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया है। सपा सांसद ने कहा कि पीएफआई पर तो सरकार ने पाबंदी लगा दी है। लेकिन अब सरकार आरएसएस पर पाबंदी क्यों नहीं लगा रही है। उन्होंने कहा कि आरएसएस मुसलमानों के साथ जुल्म करती रही है। उन्होंने कहा कि धर्म संसद में मुसलमानों के लिए जहर उगला जाता था। उससे साफ है नफरत बढ़ाने का काम कौन कर रहा है। सांसद ने कहा कि भाजपा मुसलमानों को देश में खौफजदा करने का काम कर रही है। इसलिए इस तरह की कार्रवाई जारी है। पीएफआई एक राजनैतिक दल है। अन्य दलों की तरह वह काम करती है। वह मुल्क के गद्दार नहीं है। इससे भाजपा डरी हुई है कि आने वाले दिनों में कहीं पीएफआई उसके लिए खतरा ना बन जाए। इसलिए पीएफआई पर भाजपा ने प्रतिबंध लगा दिया है।

