- प्रयागराज में अतीक अहमद का घर ढहाया
- लखनऊ में मुख्तार अंसारी के गुर्गों को किया गिरफ्तार
सुनील शर्मा
न्यूज डेस्क। अपराध मुक्त राज्य बनाने की दिशा में प्रयासरत उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का शिकंजा अपराधियों पर कसता जा रहा है। या यूं कहें की अपराधियों की जड़ तक उखाड़ी जा रही हैं ताकि उनके फिर से पनपने की संभावना भी समाप्त हो जाये।
मंगल का दिन तो बाहुबलियों पर बेहद भारी पड़ा। एक ओर जहां प्रयागराज में पूर्व विधायक अतीक अहमद के घर को प्रशासन ने ढहा दिया वहीं दूसरी ओर बाहुबली मुख्तार अंसारी के गुर्गों को पुलिस ने चैतरफा कार्रवाई करते हुुए गिरफ्तार कर लिया। योगी सरकार में की जा रही इस कार्रवाई को जहां आम जनता का समर्थन मिल रहा है वहीं बाहुबलियों को प्रदेश में सिर छिपाकर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
मंगलवार दोपहर को प्रयागराज में पूर्व विधायक अतीक अहमद के घर पहुंची प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए चकिया में बने उसके मकान को ढहाना शुरू कर दिया। भारी पुलिस बल को लेकर पहुंची पीडीए की टीम ने पोर्कलैंड और जेसीबी लगाकर मकान का तोड़ दिया।
प्राधिकरण के सचिव दयानंद प्रसाद ने बताया कि लगभग 4 बीघा जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण कराया गया था। इसकी पूरी तरह से जांच किये जाने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक ओर जहां जेसीबी मकान को तोडे़ जा रही थी वहीं दूसरी ओर दौरान अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता बेगम और उसके तीन बेटे अपने वकील व मजदूरों के साथ घर से सामान बाहर निकाल रहे थे।
लगभग पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में अतीक अहमद को किलेनुमा घर को जमींदोज कर दिया गया। गौरतलब है कि वर्तमान में अहमदाबाद जेल में बंद अतीक अहमद पर कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित करीब 11 मकानों ध्वस्त करने के साथ 10 संपत्तियों को प्रशासन द्वारा जब्त किया गया है।
माफिया अतीक अहमद का छोटा भाई पूर्व विधायक अशरफ बरेली जेल में बंद है। जबकि देवरिया जेलकांड में आरोपी अतीक का बड़ा बेटा मोहम्मद उमर फरार है। सीबीआई ने मोहम्मद उमर पर दो लाख रुपये का इनाम रखा है।
वहीं लखनऊ में मुख्तार अंसारी के गुर्गों के ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने बाबू सिंह और प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व अतीक अहमद नाम के गुर्गे को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया था। आज पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय के निर्देश के अनुपालन में क्राइम ब्रांच और 15 थानों की फोर्स ने मंगलवार सुबह संयुक्त अभियान चलाते हुए गोमती नगर विस्तार और पश्चिमी लखनऊ, चैक, वजीरगंज, कृष्णा नगर इलाके में मुख्तार अंसारी के करीबियों के घर छापेमारी की।
पुलिस ने विभूति खंड से मुख्तार अंसारी के गुर्गे बाबू सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बाबू के घर के तहखाने से पिस्टल व बम बनाने का सामान भी मिला है। वहीं गोमती नगर विस्तार से पुलिस ने वाराणसी के रहने वाले प्रदीप सिंह को पकड़ा है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 11 अपराधी गिरफ्तारी करने के अलावा 21 लोग हिरासत में लिये गए हैं।
योगी राज में बदमाशों पर की जा रही संयुक्त कार्रवाई उन्हें सोचने का भी मौका नहीं दे रही है। पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीमें योजना बना कर कार्रवाई कर रही हैं। वहीं सरकार से मिल रहे पूर्ण समर्थन से अधिकारियों का हौसला बुलंद है। प्रयागराज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अनौपचारिक तौर पर बताया कि पहली बार किसी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ खुलकर कार्रवाई करने के निर्देश और हौसला दिया है। यह सिलसिला अगर जारी रहा तो प्रदेश को अपराध और अपराधियों से मुक्त होने में समय नहीं लगेगा।

