“बदले बदले से मेरे सरकार नज़र आते हैं”, जी हाँ अपने दूसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रूप तो वाकई काफी बदला बदला दिख रहा है. विधानसभा में नए सदस्यों को सलाह देते हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग, ठेके-पट्टों से दूर रहने को कहा है. दरअसल मुख्यमंत्री आज नए विधायकों के लिए विधानसभा में आयोजित एक ट्रेनिंग प्रोग्राम में बोल रहे थे. इस मौके पर योगी जी ने विधायकों को आगाह किया कि जनता से कुछ भी छुपा नहीं रहता इसलिए ट्रांसफर-पोस्टिंग, ठेके और पट्टे दिलाने के चक्कर में न पड़ें, मेरिट के आधार पर ही काम करें और सकारात्मक सोच के साथ राज्य के विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित रखें।
Read Also :Lucknow: भाजपा की संसदीय बोर्ड बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री विधानसभा में शुरू की गयी नयी तकनीक ई-विधान के बारे में भी विधायकों से बात की और कहा कि हमें अब तकनीक के साथ आगे बढ़ना होगा, यूपी विधानसभा अब हाईटेक हो गयी है अब आप लोगों को वैसा ही बनना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि आप सभी लोग स्मार्ट फ़ोन चलाते है इसलिए आप लोगों के लिए यह ज़्यादा मुश्किल नहीं है, बस थोड़े अभ्यास की ज़रुरत है.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधायकों का हौसला भी बढ़ाया और कहा कि हर वर्ष हम एक आदर्श विधायक चुनेंगे और उसे सम्मानित भी करेंगे, इसलिए अपने क्षेत्र में हर शनिवार और रविवार बिताइए, जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुनिए और मेरिट के अआधार पर उनका निस्तारण कीजिये, लेकिन ध्यान रहे कि शक्ति का दुरूपयोग न हो.
Read Also : सहारनपुर देवबंद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एटीएस कमांडो ट्रेनिंग सेंटर की रखी आधारशिला
दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोशिश है 2024 से पहले प्रदेश में सुशासन का ऐसा माहौल तैयार हो जिससे मंहगाई, बेरोज़गारी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटे और भाजपा के पक्ष में माहौल बन सके. अगर देखा जाय तो योगी-2 की नयी कैबिनेट इस दिशा में ही काम कर रही है और उप मुख्यमंत्री और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा संभालने वाले बृजेश पाठक उसको लीड कर रहे हैं. अस्पतालों के औचक निरीक्षणों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. अभी कल ही सरकारी गोदाम में छापा डालकर उन्होंने 16 करोड़ रूपये से ज़्यादा की एक्सपायरी दवाओं का भंडार पकड़ा है और जांच कमिटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है.
