लखनऊ: हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र के रहने वाले ब्रजेश पाठक को योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसकी जानकारी होते ही प्रदेश के साथ ही हरदोई में भी जश्न मनाया जाने लगा।
लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट (Cantt Assembly seat) से विधायक ब्रजेश पाठक हरदोई के मल्लावां कस्बे के गंगारामपुर के रहने वाले हैं। 25 जून, 1964 को उनका जन्म सुरेश पाठक के घर हुआ। उन्होंने छात्रनेता के रूप में अपनी राजनीति की शुरुआत की। सन् 1989 में वह लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष और सन् 1990 में अध्यक्ष बने। इसके लगभग 12 साल बाद ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली।
2004 में थामा था बसपा का दामन
वर्ष 2002 में मल्लावां सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े ब्रजेश पाठक सिर्फ 130 वोट से चुनाव हारे थे। इसके बाद में वर्ष 2004 में पाठक ने बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा और उन्नाव लोकसभा क्षेत्र से लगभग 18,000 वोट से जीत दर्ज कर सांसद चुने गए। मायावती ने उनको अपने दल का उपनेता सदन बना दिया। वर्ष 2009 लोकसभा चुनाव के ठीक पहले ब्रजेश पाठक को बसपा सुप्रीमो ने राज्यसभा भेजा और सदन में पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया। साथ ही उनकी पत्नी नम्रता पाठक को राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष बनाकर राज्य मंत्री का दर्जा भी दिया।
ब्रजेश पाठक वर्ष 2014 में फिर उन्नाव लोकसभा सीट से चुनाव लड़े, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे। सूबे में सत्ता परिवर्तन की हवा भांप पाठक 22 अगस्त, 2016 को बीजेपी में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें लखनऊ मध्य सीट से चुनाव मैदान में उतारा और उन्होंने सपा सरकार के मंत्री रविदास मेहरोत्रा को 5 हजार से अधिक मतों से मात दी। सूबे में भाजपा सरकार बनने पर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया और कानून मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। विधानसभा चुनाव 2022 में उन्होंने लखनऊ कैंट क्षेत्र से चुनाव लड़ते हुए सपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह राजू को 39,512 मतों से हरा दिया व जीत हासिल की। अब इसी का तोहफा देते हुए ब्रजेश पाठक को प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।
भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं ब्रजेश पाठक
ब्रजेश पाठक भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं। वे लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। वह अपने पिता की सात संतानों में 5वें नंबर पर हैं। उनके दो बड़े भाई राजेश पाठक और दिनेश पाठक हैं। एमए, एलएलबी पाठक के परिवार में पत्नी नम्रता, दो बेटियां (दीपिका, सांभवी) और एक बेटा कार्तिक है। परिवार लखनऊ में ही शिफ्ट है, जबकि बड़े भाई राजेश मल्लावां में रहते हैं। वहीं, दूसरे भाई दिनेश लखीमपुर में स्कूल चलाते हैं।

