Site icon Buziness Bytes Hindi

देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है उत्तर प्रदेश: सीएम योगी


देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है उत्तर प्रदेश: सीएम योगी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज यहां उनके सरकारी आवास पर सेना समकक्ष संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों, सिविल सेवा अधिकारियों एवं मित्र देशों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों का परिचय प्राप्त कर उनसे संवाद किया। इस प्रतिनिधिमण्डल में भारत सहित इण्डोनेशिया, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, श्रीलंका, वियतनाम, म्यांमार, सऊदी अरब आदि देशों के सैन्य अधिकारी शामिल रहे। यह प्रतिनिधिमण्डल इन दिनों उत्तर प्रदेश में अध्ययन भ्रमण पर है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, भारत का सबसे बड़ा राज्य है, जिसकी आबादी 24 करोड़ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत भारत की केन्द्र बिन्दु रही है। यहां पर भगवान श्रीराम की धरती अयोध्या और भगवान श्रीकृष्ण की धरती मथुरा स्थित हैं। सांस्कृतिक एवं प्राचीन नगरी काशी भी इसी प्रदेश में है। यहां समृद्ध आध्यात्मिक व सांस्कृतिक परम्पराओं के अलावा, पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन भी उपलब्ध हैं। प्रदेश के पूर्व, पश्चिम, मध्य व बुन्देलखण्ड क्षेत्रों में सामाजिक व आर्थिक भिन्नताओं के बावजूद यह राज्य एकजुट होकर प्रति व्यक्ति आय की बढ़ोत्तरी में योगदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरी है। प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, लोक कल्याण, एम0एस0एम0ई0 व कृषि तथा अन्य क्षेत्र में हुए सार्थक कार्यों का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश एक समर्थ व सक्षम राज्य बना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने निवेश का बेहतर वातावरण तैयार किया है। अपराध और अपराधियों के प्रति राज्य सरकार की जीरो टाॅलरेंस की नीति रही है। सुरक्षा व कानून व्यवस्था पर विशेष फोकस कर निवेश को बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में 21 सेक्टोरल पाॅलिसीज के माध्यम से निवेश को आकर्षित करने में सहायता मिली है। ‘ईज आॅफ डूईंग बिजनेस’ के लिए भी सुधार किए गए। वर्ष 2015-16 में उत्तर प्रदेश ‘ईज आॅफ डूईंग बिजनेस’ रैंकिंग में 14वें स्थान पर था, जो आज सरकार की नीतियों के माध्यम से दूसरे स्थान पर आ गया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 03 लाख करोड़ रुपए का निवेश प्रदेश में आया है। टीम वर्क के माध्यम से जो प्रयास हुए हैं, उससे नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बन रहा है।

Exit mobile version