Site icon Buziness Bytes Hindi

Russia Ukraine war: कीव पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने वोलोदिमीर जेलेंस्की से की मुलाकात

US President Joe Biden

कीव। रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन कीव पहुंचे हैं। राष्ट्रपति बाइडन रुस और यूक्रेन युद्ध के के एक साल पूरा होने से ठीक पहले कीव पहुंचे और सभी को चौंका दिया है। वह सोमवार को यूक्रेन पहुंचे और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी, 2022 को हमला किया था। तब से यह पहली बार है जब अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन पहुंचे हैं।

बाइडन का यह दौरा काफी अहम है। दरअसल, अमेरिका अभी तक दूर से यूक्रेन को सैन्य मदद पहुंचाता रहा है। जो बाइडन ने कई मौकों पर एलान किया है कि वह यूक्रेन के साथ हर हाल में खड़े रहेंगे। हालांकि, सोमवार को उनके यूक्रेन दौरे ने क्रेमलिन रणनीतिकारों की चिंता बढ़ा दी है।


यूक्रेन को हथियार देंगे बाइडन

यूक्रेन पहुंचकर बाइडन ने युद्धग्रस्त देश को और मदद देने का एलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह यूक्रेन को और भी ज्यादा और नए हथियार मुहैया कराएंगे। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा के लिए एयर सर्विलांस रडार देने का एलान किया है। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति की कीव यात्रा, यूक्रेन के समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत है।


कल कर सकते हैं सैन्य सहायता का एलान

सूत्रों के मुताबिक, बाइडन मंगलवार को यूक्रेन के लिए 500 मिलियन डॉलर की सैन्य सहायता का एलान करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कीव यात्रा के दौरान कहा, हम यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की वर्षगांठ के निकट हैं। मैं यूक्रेन के लोकतंत्र, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए कीव में हूं।

Exit mobile version