वाशिंगटन: अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने आज कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को पीएम मोदी से मदद की पेशकश करने के लिए बात की थी और 30 अप्रैल तक यूएसए की मिलिट्री और नागरिक जमीन पर राहत कार्यों में जुटे थे.
कमला हैरिस ने कहा कि पहले से ही हमने भारत को रिफिल करने योग्य ऑक्सीजन सिलेंडर दिए हैं. हमने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी दिए हैं. इसके साथ ही अमेरिका ने भारत को N95 मास्क भी दिए हैंं साथ ही कोविड रोगियों के इलाज के लिए रेमेडिसविर की खुराक भी दी है. हम आगे भी और अधिक मदद करने के लिए तैयार हैं.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा, “भारत और अन्य देशों को अपने लोगों को और अधिक तेजी से टीकाकरण करने में मदद करने के लिए हमने कोविड-19 वैक्सीन पर पेटेंट को निलंबित करने के लिए पूर्ण समर्थन की घोषणा की है. भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका में दुनिया में सबसे अधिक कोविड मामले हैं.”
कमला हैरिस ने कहा, “महामारी की शुरुआत में, जब हमारे अस्पताल के बेड कम पड़ने लगे तब भारत ने सहायता भेजी थी. आज हम भारत को उसकी ज़रूरत के समय में मदद करने के लिए दृढ़ हैं. हम यह एशियाई क्वाड के सदस्यों के रूप में, वैश्विक समुदाय के हिस्से के रूप में और भारत के दोस्त के रूप में कर रहे हैं.”

