Site icon Buziness Bytes Hindi

अमेरिका में बजट घाटा सर्वकालिक उच्चस्तर पर


अमेरिका में बजट घाटा सर्वकालिक उच्चस्तर पर

वॉशिंगटन: दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी अमेरिका का बजट घाटा चालू बजट वर्ष के पहले 11 माह में 3,000 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया है। वित्त विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अमेरिका सरकार को कोरोना वायरस महामारी (Covid-19 pandemic) के प्रभाव को कम करने के लिए बड़ी राशि खर्च करनी पड़ी है, जिससे असर बजट घाटे पर पड़ा है। महामारी की वजह से अमेरिका में लाखों नौकरियां चली गई हैं। दुनिया में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमेरिका में ही हैं।

चालू बजट वर्ष की अक्टूबर से अगस्त की 11 माह की अवधि में बजट घाटा 3,000 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पहले 11 माह की अवधि में बजट घाटे का रिकॉर्ड 2009 में बना था। उस समय बजट घाटा 1,370 अरब डॉलर रहा था। यह 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट का दौर था। मौजूदा बजट घाटा पिछले रिकॉर्ड से दोगुना से अधिक है। अमेरिका का 2020 का बजट वर्ष 30 सितंबर को समाप्त होना है। अमेरिकी कांग्रेस के बजट कार्यालय का अनुमान है कि पूरे बजट वर्ष में बजट घाटा 3,300 अरब डॉलर रहेगा।

Exit mobile version