मेरठ में शनिवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक में उस वक्त जमकर हंगामा हो गया जब भाजपा के पाषर्द अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए और उस दौरान बसपा पार्षद ने भाजपा एमएलसी से बदसलूकी की गुस्ताखी कर दी। इस गुस्ताखी का नतीजा ये हुआ की भाजपा कार्यकर्ताओं ने बहुजन समाज और समाजवादी पार्टी के पार्षदों को दौड़ा-दौड़ाकर कुटाई की. इस हंगामे के बाद नगर निगम की बोर्ड बैठक को स्थगित कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर इस हंगामे की वीडियो वायरल हो गयी है, जिसमें साफ़ नज़र आ रहा है कुछ लोगों के बीच ज़ोरदार हाथापाई हो रही है और पुलिस बीच बचाव की कोशिश कर रही है लेकिन बेबस नज़र आ रही है, वीडियो में हाथपाई करते हुए लोग कमरे से बाहर जाते हुए दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार को घंटाघर स्थित टाउन हाॅल में नगर निगम बोर्ड की बैठक थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बैठक के दौरान जिस समय भाजपा पार्षद रेखा सिंह हाउस टैक्स को लेकर अपनी बात रख रही थीं उसी समय विपक्ष के एक पार्षद ने उनका विरोध शुरू कर दिया। मामला गरम हो गया, इसी बीच भाजपा के एमएलसी धमेंद्र भारद्वाज भी वहां पहुंच गए।
इसी हंगामे के दौरान भाजपा एमएलसी धमेंद्र भारद्वाज से बसपा पार्षद आशीष चौधरी भिड़ गए और बताया जा रहा है कि बसपा पार्षद ने कुछ बदसलूकी कर दी जिससे हंगामा और ज्यादा बढ़ गया। इसी हंगामे में सपा पार्षद कीर्ति घोपला भी बसपा पार्षद के समर्थन में आ गए और फिर लातों घूंसों का दौर चलने लगा. कहा जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बसपा पार्षद आशीष और सपा पार्षद कीर्ति घोपला को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मामला देहलीगेट थाना पहुंच गया.

