आगरा। यूपी चुनावी दंगल 2022 – बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज विधानसभा चुनाव के प्रचार का श्रीगणेश कर दिया। उन्होंने इसकी शुरूआत आगरा से की। बसपा सुप्रीमों के चुनाव प्रचार में आने से जहां कार्यकर्ताओं में हौसलाअफजाई हुई है। वहीं बसपा प्रत्याशियों में भी उत्साह है। आज आगरा पहुंची मायावती ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सहित सभी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने जनसभा को मीना बाजार में संबोधित किया। मीना बाजार में पहले भी मायावती जनसभाओं को संबोधित करती रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा को आरएसएस के इशारे पर चलने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि आज सरकार भाजपा नहीं आरएसएस चला रही है। भाजपा संघ के इशारे पर काम कर रहा है।
Read also: यूपी चुनाव: मायावती ने दलितों को अखिलेश, शिवपाल के खिलाफ खड़ा किया
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दलितों और गरीबों को लालच दे रही है। जबकि इसका खेल खत्म हो चुका है। मायावती ने कहा कि उस समय कांग्रेस कहा थी जब वह केंद्र में सत्ता में होने के बाद भी दलितों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। आगरा में आगामी 10 फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है। कोठी मीना बाजार में समर्थकों का उत्साह देखकर मायावती के चेहरे पर मुस्कान फैल गई। उन्होंने कहा कि आने वाली 10 मार्च को प्रदेश में जिस नई सरकार का गठन होगा वह बसपा की होगी। उन्होंने कहा कि तानाशाही,अहंकार और जातिवाद से इस प्रदेश की जनता को जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण पहले प्रदेश से बाहर हुई और अब देश की सत्ता से बाहर है। प्रदेश में सपा की सरकार आती है तो गुंडों का राज आ जाता है। मुजफ्फरनगर का दंगा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश में सिर्फ एक क्षेत्र तक ही विकास कराती है। सपा शासनकाल में गुडा और माफियों के हाथ में सत्ता की कमान होती है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि जातिवाद खत्म करने का ढोग करने वाली भाजपा आज इसी की राजनीति कर रही है। इस सरकार में दलितों,गरीबों और मुस्लिमों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला।

